Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

BALRAMPUR...जनपद में पेट्रोल-डीजल आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, अफवाहों से बचने की अपील

अखिलेश्वर तिवारी 
जनपद में बुधवार को दोपहर के समय कुछ स्थानों पर अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ देखी गई। इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य एवं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया है कि आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल एवं रिलायंस जैसी तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति पूर्ववत सुचारू रूप से जारी है। किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। अफवाहों के कारण कुछ लोग अनावश्यक रूप से गैलन एवं डिब्बों में पेट्रोल-डीजल लेने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे अस्थायी रूप से भीड़ की स्थिति उत्पन्न हुई। स्थिति को नियंत्रित करने हेतु जनपद के समस्त 88 पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे गैलन अथवा डिब्बों में ईंधन की बिक्री न करें। साथ ही, सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए बिना हेलमेट वाले दोपहिया चालकों को पेट्रोल न देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 25 मार्च 2026 को उत्पन्न स्थिति के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा चारों प्रमुख तेल कंपनियों को निर्देशित किया गया है कि वे जनपद के पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध स्टॉक की जानकारी नियमित रूप से साझा करें तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त टैंकरों की आपूर्ति सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त, ईंधन आपूर्ति की सतत निगरानी हेतु संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन प्रातः 9 बजे एवं सायं 5 बजे स्टॉक एवं वितरण की अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि मांग एवं आपूर्ति के बीच संतुलन बना रहे तथा किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। वर्तमान में जनपद में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

जनसामान्य से अपील

जिला प्रशासन द्वारा जनसामान्य से अपील की जाती है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें एवं अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। आवश्यकता अनुसार ही अपने वाहनों में ईंधन भरवाएं, जिससे सभी को सुचारू रूप से सुविधा मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे