अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर में मधुमक्खी पालन के लिए इच्छुक किसान अथवा मधुमक्खी पालन के लिए इच्छुक कोई भी व्यक्ति प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में आवेदन कर सकता है ।
जिला उद्यान अधिकारी एल0बी0 मौर्य ने बताया कि मधुमक्खी पालन अनुपूरक कृषि उद्यम के रूप में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। मधुमक्ख्यिों से उत्पादन के साथ-साथ फसलों में पर-परागण से पौधों की जीवितता एवं उत्पादन में वृद्धि होती है। प्रदेश में अधिकतर लघु एवं सीमान्त कृषक है। कृषि के साथ-साथ अन्य ऐसे अनुपूरक व्यवसाय अपनाये जाने की आवश्यकता है, जिनमें भूमि की ज्यादा जरूरत न हो। इसके लिए वैज्ञानिक पद्वति से मधुमक्खी पालन की बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग उ0प्र0, द्वारा मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण केन्द्रों-जनपद बस्ती में दीर्घकालीन मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के अन्तर्गत तीन माह (09 दिवसीय) प्रशिक्षण सत्र दिनांक 16 सितम्बर, 2019 से 15 दिसम्बर तक औद्योगिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र बस्ती में व अन्य औद्योगिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्रों पर आरम्भ हो रहा है। यह प्रशिक्षण विभाग द्वारा निःशुल्क प्रदान किया जायेगा । प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रशिक्षार्थियों को रहने एवं खाने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। इस प्रशिक्षण में पुरुष एवं महिलायें भाग ले सकते है, जिसके लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा आठ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण में भाग लेने वाले इच्छुक अभ्यर्थी संयुक्त निदेशक, औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र बस्ती से संपर्क कर निर्धारित प्रारूप पर दिनांक 16 सितम्बर, 2019 तक आवेदन कर सकते है। आवेदन पत्र के साथ दो सभ्रांत व्यक्तियों या राजपत्रित अधिकारी द्वारा प्रद्त्त चरित्र प्रमाण पत्र आवश्यक है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ