अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। फाइलेरिया को जड़ से खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। इसी को लेकर शासन ने जिले में प्री टास गतिविधि देकर सेंटीनल साइट पर अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इस अभियान के तहत चयनित स्थानों पर विभाग टीमें लगाकर बच्चों में फाइलेरिया की जांच कराएगी। इसके लिए सीएमओं ने बेसिक शिक्षा अधिकारी, संबंधित अधीक्षक, चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर कार्यक्रम को सफल बनाने का अनुरोध किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा घनश्याम सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों द्वारा जिले को फाइलेरिया उन्मूलन हेतु प्री टास गतिविधि के लिए चयनित किया गया है। जिसके लिए जिले के चार स्थानों पर पचपेड़वा के अमौली गांव, गैसड़ी के विशुनपुर कलां, शिवपुरा के मदारगढ़ और सदर नगर पालिका क्षेत्र के पहलवारा मोहल्ले में 25 से 30 अगस्त तक प्री टास गतिविधि का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत चार अलग अलग टीमों को लगाया गया है। इन टीमों में एक एएसएम, दो एमपीडब्लू, एक एलटी और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी द्वारा चयनित एक सुपरवाइजर शामिल होंगे। गतिविधि के दौरान प्रत्येक स्थानों से 5 से 10 साल तक के बच्चों का एफटीएस किट से खून का सैम्पल लिया जाएगा, जिससे 10 मिनट में पता चल जाएगा कि बच्चों का सैम्पल निगेटिव है या पाॅजिटिव।
जिला मलेरिया अधिकारी मंजुला आनंद ने बताया कि सैम्पल पाॅजिटिव पाये जाने बच्चों की पुनः 31 अगस्त नाइट ब्लड सर्वे के दौरान रक्त पट्टिका मैनुअल जांच की जाएगी और यदि फिर भी ब्लड पाॅजिटिव आता है तो उन्हे बीमारी से निजात दिलाने के लिए 12 दिन के कोर्स की दवाएं दी जाएंगी। प्री टास गतिविधि के दौरान चयनित 4 स्थानों पर कुल 1200 बच्चों के खून के सैम्पल लिये जाएंगे। गतिविधि के संबंध में सीएमओ ने बीएसए को पत्र लिखकर संबंधित क्षेत्र के विद्यालयों में बच्चों व उनके अभिभावकों को कार्यक्रम के प्रति जागरूक करने की बात कही है जिससे कार्यक्रम में उनका सहयोग मिल सके। प्री टास गतिविधि के लिए आयोजित ट्रेनिंग के दौरान डा. एके पाण्डेय, विनोद त्रिपाठी, दिलीप मिश्रा व पूनम सिंह का खून का सैम्पल लेकर एफटीएस किट से जांच कर प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान डा. एके सिंघल, पचपेड़वा एलटी श्याम बिहारी, गैसड़ी एलटी संदीप दूबे, शिवपुरा एलटी सुगंधराज, अर्बन एलटी अंकित श्रीवास्तव और बीसीपीएम सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ