काप ऑफ द मंथ से पुरस्कृत किए गए कई कर्मचारी
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। पुलिस अधीक्षक राज करन नैयर ने रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में सैनिक सम्मेलन व अपराध गोष्ठी का आयोजन किया, जिसमें कई कर्मचारियों को काप आफ द मंथ से नवाजा गया।
एसपी ने सम्मेलन के दौरान विभिन्न थानों एवं प्रकोष्ठों से आए हुए पुलिस कर्मियों से उनका परिचय प्राप्त कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने समस्याओं के तत्काल निराकरण हेतु संबंधित को निर्देशित किया। इसके साथ ही माह जुलाई में सराहनीय कार्य करने वाले कटरा बाजार के प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह, थाना तरबगंज के उपनिरीक्षक रामदेव, कोतवाली कर्नलगंज के उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह, थाना इटियाथोक के उपनिरीक्षक मनोज कुमार श्रीवास्तव, चौकी प्रभारी रोडवेज नीरज कुमार सिंह, थाना नवाबगंज के उपनिरीक्षक मदन लाल गौतम, थाना वजीरगंज के उपनिरीक्षक प्रतीक पांडेय, चौकी प्रभारी इनकैन मंजू यादव, थाना परसपुर के आरक्षी विवेक सिंह, थाना छपिया के आरक्षी अवधेश कुशवाहा, थाना खरगूपुर के आरक्षी आशीष सिंह, थाना धानेपुर के आरक्षी देवानंद वर्मा, साइबर सेल के आरक्षी आदित्य साहू, महिला थाना की आरक्षी अनुराधा यादव आदि को (काप आफ द मंथ) प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया।
इसके बाद एसपी ने जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था हेतु अपराध समीक्षा की। बैठक में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण लगाने हेतु समस्त प्रभारी निरीक्षकों व थानाध्यक्षों को कड़े निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने लंबित जन शिकायतों एवं आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों की संख्या पर नाराजगी जताते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने का कड़ा निर्देश जारी किया। थाना वजीरगंज क्षेत्र में हुई बैंक लूट की घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए बैंक व लेन देन वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों का फोटो अवश्य लेने तथा प्रभारी निरीक्षक वजीरगंज को घटना के शीघ्र एवंं सफल अनावरण करने की हिदायत दी। प्रतिदिन बैंक ड्यूटी में जाने वाले कर्मचारियों को ड्यूटी के सम्बन्ध में ब्रीफ करने तथा सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान दृश्यता, गतिशीलता, सजगता एवं सतर्कता बनाये रखने हेतु विशेष जोर दिया।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर सांप्रदायिक भावना भड़काने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने व छोटी से छोटी बातों का संज्ञान लेने, सोशल मीडिया पर निगाह रखने के साथ साथ डिजिटल वालेंटियर ग्रुप को अपडेट कर उनके साथ नियमित मीटिंग कर उनका सहयोग लेने का निर्देश दिया। लंबित विवेचनाओं, विशेषकर अनावरित अभियोगों के निस्तारण, वांछित अभियुक्तों, इनामिया, जिलाबदर, एनबीडब्ल्यू के विरूद्ध अभियान चलाकर गिरफ्तारी करने, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कर अतिक्रमण हटाने लिए प्रभावी कार्यवाही करने का निर्देश दिया। बालिकाओं एवम् महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देश दिया। इसके लिए एंटी रोमियो टीम द्वारा अभियान को निरंतर जारी रखने के साथ ही साथ आम जन मानस में सुरक्षा की भावना को बढ़ाने हेतु पैदल गश्त को और अधिक प्रभावी बनाए जाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज जितेंद्र कुमार दुबे, प्रतिसार निरीक्षक कुलवीर सिंह, पीआरओ संजय कुमार तोमर व जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष व शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ