आगामी 4 सितंबर को डीएम कार्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन की तय हुई रणनीति
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया द्वारा जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके मद्देनजर रविवार को आरपीएस इंटर कॉलेज रामदेव नगर इटियाथोक में पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों, जिला कार्यसमिति सदस्यों तथा पार्टी प्रमुख नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई, जिसमें धरना प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए चर्चा की गई तथा पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी।
प्रसपा लोहिया के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शुक्ल ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनने और उनका निराकरण करने वाला कोई नहीं है। पूरे प्रदेश में त्राहि त्राहि मची हुई है। जनता त्रस्त और अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि मस्त हैं। सरकारी विभागों में बड़े पैमाने पर लूट खसोट की जा रही है। सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की हालत दयनीय है। अधिकांश बच्चे बगैर कॉपी किताब और ड्रेस के ही स्कूल जा रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में दवाएं और डॉक्टर नदारद रहते हैं। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुका है। थानों पर पुलिस पीड़ितों के बजाय दबंगों के साथ खड़ी नजर आती है। न्याय बहुत दुर्लभ और दुश्वार हो गया है। बिजली के आने और जाने का कोई समय ही नहीं है, जिससे गांवों में विकराल स्थिति है।
श्री शुक्ल ने कहा कि इन्हीं सब जनसमस्याओं को लेकर आगामी 4 सितंबर को जिलाधिकारी गोंडा के कार्यालय पर पार्टी द्वारा विशाल धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। इसे सफल बनाने के लिए रविवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में व्यापक विचार विमर्श कर रणनीति तैयार की गई और पार्टी पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं को भारी भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक का संचालन प्रमुख महासचिव जमाल मोहम्मद चौधरी ने किया। बैठक में देवी पाटन मंडल गोंडा के सह मंडल प्रभारी फहीमुर्रहमान उर्फ मंटू काज़ी, जिला महासचिव हरि शंकर सिंह, मदन मोहन मिश्र, जिला सचिव केडी यादव, जिला अध्यक्ष अनुसूचित जाति/जनजाति प्रकोष्ठ संत सरन हितकारी, जिलाध्यक्ष लोहिया वाहिनी शिवम प्रताप सिंह, अध्यक्ष विधानसभा मेहनौन मंसाराम मिश्र, नगर अध्यक्ष गोंडा अब्दुल अतीक, ब्लॉक अध्यक्ष इटियाथोक सुनील शुक्ल, जगदेव गौतम, दयाराम शास्त्री, अनिल कुमार यादव, महेंद्र तिवारी सहित पार्टी के सभी प्रमुख नेता मौजूद रहे। सभी ने 4 सितंबर को जिलाधिकारी कार्यलय पर आयोजित होने वाले धरना प्रदर्शन को सफल बनाने का संकल्प लिया।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ