■ किशोरों ने पाठशाला में सीखे स्वस्थ रहने के गुर, 10 कालेजों में हुआ आयोजन
■ राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ रहना जरुरी – डॉ हरगोविन्द सिंह
आलोक बर्नवाल
संतकबीरनगर। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिले के 10 इण्टर कालेजों में किशोर स्वास्थ्य जागरुकता कार्यक्रम व स्वास्थ्य मंच का आयोजन किया गया। सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह ने खलीलाबाद शहरी क्षेत्र के राजकीय कन्या इण्टर कालेज में किशोर स्वास्थ्य मंच के कार्यक्रम का उदघाटन किया। जिला मुख्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह ने कहा कि किसी भी देश की ताकत उनके युवाओं में निहित है। यही किशोर आगे चलकर युवा बनेंगे तथा देश के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएंगे। इसलिए इनका स्वस्थ रहना आवश्यक है।
स्वास्थ्य मंच के इस स्वास्थ्य कार्यक्रम में किशोर किशोरियों में पोषण को बेहतर बनाने, एनीमिया दूरभगाने, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, लिंग आधारित हिंसा, भेदभाव, नशावृत्ति आदि की दिशा में जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। यही नहीं साप्ताहिक आयरन वितरण, सैनेटरी नैपकिन वितरण, एल्बेंडाजोल गोली वितरण, समेत अन्यकार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कालेज में किशोर मंच कार्यक्रम को जिला कोआर्डिनेटर दीनदयाल वर्मा, प्रभारी अधिकारी डॉ आलोक सिन्हा, आरबीएसके की डॉ रचना यादव, वेद प्रकाश यादव, एएफएचएस कॉउंसलर दयानाथ तिवारी, रेनू श्रीवास्तव आदि ने संबोधित किया। इस दौरान प्रधानाचार्य श्रीमती आशा यादव का विशेष सहयोग रहा। इस मौके पर लैब टेक्नीशियन दिनेश चौधरी द्वारा किशोरियों के खून की जांच कर हीमोग्लोबिन व एनीमिया की जांच की गई। वहीं डॉ रचना, ज्योति, दयानाथ तिवारी, रेनू श्रीवास्तव द्वारा वजन, ऊंचाई के द्वारा बायोमास इण्डेक्स के जरिए स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जबकि एएनएम रीता राय, जया वर्मा व सरिता भारती द्वारा 10 से 16वर्ष की किशोरियों को टी टी का टीका लगाया गया।
पढ़े बेटियां बढ़े बेटियां पर आकर्षक चित्र
किशोर मंच के अंतर्गत किशोर जागरूकता चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन हुआ बालिकाओं ने किशोरी सुरक्षा, पोषण, आयरन कीजरूरत, पढ़े बेटियां बढ़े बेटियां आदि मुद्दों पर आकर्षक व रचनात्मक चित्र बनाये गए। जिसमें से सर्वश्रेष्ठ 3 किशोरियों को प्रथम, द्वितीय,व तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस किशोर मंच कार्यक्रम के माध्यम से राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में एक हज़ार बालिकाओं में सैनेटरी पैड, आयरन गोली, आदि वितरित की गई।कार्यक्रम में कॉलेज की शिक्षिका श्रीमती माला तिवारी, श्रीमती सोनिया, उषा वर्मा, अमृता सिंह,सिम्मी साहू, सरस्वती माथुर, सुभाष आदि का सहयोग रहा।
आज इन कॉलेजो में लगा किशोर स्वास्थ्य मंच
पहले चरण में गुरुवार को जिन कालेजों में इसका आयोजन किया गया इनमें खलीलाबाद के एचआर इण्टर कालेज, बघौली के किसान इण्टर कालेज पचपोखरी, मेंहदावल के जगदगुरु इण्टर कालेज, सांथा के रमवापुर सरकारी इण्टर कालेज, बेलहर कला के राजकीय कन्या इण्टर कालेज सिया कटाई, सेमरियांवा के एएच एग्री इण्टर कालेज दुधारा, नाथनगर के बाबा बासुदेव दास इण्टर कालेज हैसर बाजार के शंकरदेई बालिका इण्टर कालेज धनघटा, पौली के शिवशंकर बालिका इण्टर कालेज खलीलाबाद तथा शहरी क्षेत्र के राजकीय कन्या इण्टर कालेज खलीलाबाद शामिल हैं।
24 को इन कॉलेजो में होंगे आयोजन
दूसरे चरण में जिले के 10 इण्टर कालेजों में यह कार्यक्रम 24 अगस्त को होगा। इनमें खलीलाबाद के पं दीनदयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति बालिका इण्टर कालेज, बघौली के बेनी माधव इण्टर कालेज बखिरा, मेंहदावल के डीएवी इण्टर कालेज, सांथा के जनता इण्टर कालेज निधुरी, बेलहर कला के आदर्श इण्टर कालेज बेलहर, सेमरियांवा के नेशनल इण्टर कालेज मूड़ाडीहा बेग, नाथनगर के किसान इण्टर कालेज सिक्टहां, हैसर बाजार के सीताराम इण्टर कालेज सिरसी, पौली के संत रामानन्द पारसदेई इण्टर कालेज व नगर क्षेत्र के आचार्य रामबिलास इण्टर कालेज शामिल हैं।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ