अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर।। बालश्रम उन्मूलन जनपद समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। अपर जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक, राष्ट्रीय बालश्रम परियोजना, जनपद बलरामपुर को निर्देशित किया कि वे स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से संचालित/प्रस्तावित विशेष प्रशिक्षण केन्द्रों में कर्मचारियों की नियुक्त करें। बच्चों का नामांकन कराएं। उन्होंने कहा कि जनपद में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 24 विशेष प्रशिक्षण केन्द्र स्वीकृत है, जिनका संचालन गुणवत्ता पूर्ण कराएं।
जिला सूचना कार्यालय द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बैठक के दौरान परियोजना निदेशक, राष्ट्रीय बालश्रम परियोजना ने बताया कि बालश्रम उन्मूलन जनपद समिति द्वारा 14 विशेष प्रशिक्षण केन्द्रो का संचालन किया जा रहा है। 10 विशेष प्रशिक्षण केन्द्रों का संचालन किया जाना प्रस्तावित है। सर्वेक्षित बच्चों की संख्या 1052 एवं पात्र 584 है। 14 विशेष प्रशिक्षण केन्द्रों में अध्ययनरत 584 बच्चों के सापेक्ष 517 बच्चों का विवरण पेन्सिल पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। प्रशिक्षण केन्द्रों में अध्ययनरत बच्चों की उपस्थिति पेन्सिल पोर्टल पर आॅनलाइन प्रतिदिन अपलोड किया जा रहा है। भारत सरकार से वित्तीय वर्ष 2006-07 से 2014-15 की लम्बित धनराशि रु0 11807009.00 प्राप्त करने हेतु कार्यालय पत्र संख्या 3621 दिनांक 07 मई, 2019 द्वारा मांग पत्र भेजा गया है। उन्होंने बताया कि शासन की प्रमुख योजना प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना में जिले की स्थिति इस समय प्रदेश में 52वीं है। शासन द्वारा पंजीयन को बढ़ाने के लिए सभी अधिकारियों को प्रमुख्य सचिव श्रम द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया है। जनपद के प्रत्येक व्यक्ति (असंगठित कर्मकार) जिनकी आयु 18 से 40 के बीच है जनसेवा केन्द्र पर जाकर अपना पंजीकृत करवा सकता है। इसके लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नम्बर तथा आय की घोषणा करनी होती है कि उसकी आय 15,000 से कम है। बैठक में राष्ट्रीय बालश्रम परियोजना के सटीक संचालन और संचालन में आ रही बाधाओं के साथ-साथ विशेष प्रशिक्षण केन्द्रों में कर्मचारियों की नियुक्ति के संबन्ध में चर्चा की गयी। इस बैठक में समिति के अधिकांश सदस्यों ने बालश्रम से संबन्धित मुद्दों पर विशेष चर्चा की तथा अभी हाल में संपन्न राज्य स्तरीय बालश्रम उन्मूलन अनुश्रवण समिति की बैठक में चर्चित मुद्दों पर भी चर्चा की गयी।
बैठक में परियोजना निदेशक(बालश्रम उन्मूलन) भूपेन्द्र मिश्र, श्रम प्रवर्तन अधिकारी वेद प्रकाश चैधरी, अपर सीएमओ डा. कमाल अशरफ, डीआईओएस महेन्द्र कुमार कनौजिया, जिला समन्वयक सर्वशिक्षा अभियान निरंकार पाण्डेय, सीडीपीओ, एल0डी0एम0 एन0आर0 विश्नोई, जिला उद्योग अधिकारी रूपेश कुमार व अन्य संबन्धित विभाग मौजूद रहे।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ