ध्वस्त कानून व्यवस्था समेत 15 सूत्रीय मांगों को लेकर किया धरना-प्रदर्शन
मंडल मुख्यालय गोण्डा पर विश्वविद्यालय खोले जाने की भी उठाई मांग
किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान, थानों, तहसीलों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर तत्काल रोक लगाने की भी मांगें हैं शामिल
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। ध्वस्त कानून व्यवस्था जैसी तमाम जनसमस्याओं को लेकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया ने आज डीएम कार्यालय पर जबरदस्त धरना प्रदर्शन किया। सुबह से ही रूक-रूककर हो रही बारिश के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह आसमान पर था। हजारों की संख्या में अपने नेताओं की अगुवाई में उमड़े प्रसपा कार्यकर्ताओं के ने सरकार और प्रशासन विरोधी नारे लगाए तथा व्यवस्था परिवर्तन की पुरजोर तरीके से मांग की।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव के निर्देश पर बुधवार को प्रसपा जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शुक्ल व देवीपाटन मंडल सहप्रभारी फहीमुर्रहमान उर्फ मंटू काजी तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की अगुवाई में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और कलेेक्ट्रेट की तरफ कूच कर दिए। इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति बन गयी। चौक बाजार से लेकर कचहरी तक प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के झंडे और बैनर दिखाई दे रहे थे। रिमझिम हो रही बारिश को नजरंदाज कर जब हजारों की संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय की ओर बढ़े तो पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गये। प्रसपा ने डीएम ऑफिस पर धरना देते हुए कहा कि जिलेभर में अराजकता और लूट खसोट का माहौल है। जिलाध्यक्ष श्री शुक्ल ने कहा कि जनपद गोण्डा में ध्वस्त कानून व्यवस्था को चुस्त दुरूस्त करने, थानों, तहसीलों, सरकारी अस्पतालों तथा आरटीओ ऑफिस में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं लूट खसोट पर तत्काल रोक लगाने, बिजली मूल्य में की गयी भारी वृद्धि को तत्काल समाप्त करने, वाहन चेकिंग के नाम पर की जा रही अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने, गन्ना किसानों के बकाया मूल्य का ब्याज समेत भुगतान कराने तथा छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा के लिए मण्डल मुख्यालय गोण्डा पर विश्वविद्यालय खोले जाने सहित प्रदेश के महामहिम राज्यपाल को संबोधित 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया है।
श्री शुक्ल ने कहा कि प्रसपा के आज के धरना प्रदर्शन को लेकर जिले की जनता में काफी उत्साह देखने को मिला। इस धरना प्रदर्शन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए जिस तरह लोग घरों से बाहर निकलकर सड़क पर आए, वह बहुत ही सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बरसात होने के बावजूद हजारों की संख्या में लोगों का धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि मौजूदा सरकार और उसकी तानाशाही तथा जिले में सरकारी विभागों में हो रही लूट खसोट, भ्रष्टाचार तथा अराजकता से हर वर्ग परेशान और त्रस्त है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शुक्ल के साथ ही मंडल सहप्रभारी फहीमुर्रहमान उर्फ मंटू काजी, कैसरगंज के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी धनंजय शर्मा, प्रदेश सचिव हर्षवर्धन पाण्डेय, जिला महासचिव जमाल मोहम्मद चौधरी, हरिशंकर सिंह, मदन मोहन मिश्र, मोहम्मद महताब, केडी यादव, जंगबहादुर सिंह, मंशाराम मिश्रा, संतराम तिवारी, परवेज सलमानी, अंकित शुक्ल, शिवम प्रताप सिंह, अब्दुल अतीक अहमद, शिवम सोनी, कारी साहब, महेंद्र तिवारी सहित पार्टी के सभी प्रमुख नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं द्वारा संबोधित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जमाल मोहम्मद चौधरी तथा अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शुक्ल ने किया।




एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ