अमरजीत सिंह
अयोध्या। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों का समयबद्ध निस्तारण न करने पर जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने कड़ा रूख अपनाते हुए जिले के 21 अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए माह सितंबर का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। यह कार्यवाही उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त हुये संदर्भों की डैसबोर्ड की समीक्षा के उपरांत की है।समीक्षा में पाया गया कि ऑनलाइन प्रथम स्तर व सीएम हेल्पलाइन प्रथम स्तर के कई संदर्भ अभी भी डिफाल्टर हैं। सीएमओ स्तर पर एक प्रकरण, प्रभागीय लॉगिंग प्रबंधक के स्तर पर छह प्रकरण, नगर आयुक्त एवं अपर नगर आयुक्त नगर निगम के स्तर पर तीन प्रकरण, प्रभागीय वनाधिकारी स्तर पर एक संदर्भ डिफाल्टर पाया गया। सभी प्रकरणों का नियत तिथि तक निस्तारण नहीं हुआ। जिलाधिकारी ने कहा कि बार-बार बैठक में निर्देश देने, दूरभाष पर अवगत कराने व डिस्ट्रिक्ट एडमिन ग्रुप पर वाट्सएप करने के बावजूद भी अधिशाषी अभियंता प्रथम, द्वितीय, तृतीय व रूदौली, अधिशाषी अभियंता विद्युत, सहायक विकास अधिकारी हैरिग्टनगंज, अधिशाषी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, सहायक विकास अधिकारी तारून, सोहावल व पूराबाजार, खंड विकास अधिकारी सोहावल व मया बाजार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राज्य परिवहन निगम, तहसीदार रूदौली, पर्यटन अधिकारी, उप निदेशक मंडी निर्माण, नगर शिक्षा अधिकारी बेसिक, खंड शिक्षा अधिकारी मिल्कीपुर, मसौधा बेसिक व हैरिग्टनगंज द्वारा संदर्भों के निस्तारण में रूचि नहीं ली गई। इसी तरह परियोजना अधिकारी डूडा के पोर्टल पर कई संदर्भ डिफाल्टर पाये गये, जिसके निस्तारण का अवर अभियंता रमेश सिंह व एमई प्रतीक गुप्ता द्वारा आश्वासन दिया गया था, किन्तु निस्तारण नहीं किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि समय निस्तारण न होना, उनकी अक्षमता व लापरवाही का प्रतीक है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ