अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर जिला मुख्यालय की नगर पालिका परिषद में गुरुवार को अध्यक्ष प्रतिनिधि साबान अली की मौजूदगी में आपातकालीन बैठक बुलाई गई। बैठक में मौजूद सभासदों, सफाई कर्मियों तथा कर्मचारियों से वर्तमान समय में पूरे विश्व के लिए चुनौती बन चुके कोरोना वायरस से निपटने के लिए सहयोग करने की अपील की गई । मौजूद सभी लोगों ने इस महामारी से जनपद वासियों को बचाने के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सामान अली ने बताया कि गुरुवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय में सभासद गणों की उपस्थिति में समस्त सफाई नायकों को मास्क व सैनिटाइजर वितरित किया गया ।कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए समस्त वार्डों में विशेष सफाई अभियान तथा दवा छिड़काव का आदेश दिया गया है, जिससे नगर वासियों को कोरोना वायरस जैसी महामारी से सुरक्षा प्रदान की जा सके। उन्होंने जनपद वासियों से कोरोना वायरस को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की । उन्होंने नगर वासियों से अपील किया है कि प्रचार माध्यमों से दी जा रही जानकारी के अनुसार अपने हाथों को बार-बार साबुन से धोते रहे । आवश्यकता अनुसार ही घर से बाहर जाएं । सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित व्यक्तियों के नजदीक ना जाएं और ऐसे व्यक्तियों को अस्पताल में जाकर जांच कराने के लिए भी प्रेरित करें । खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए जागरूक करें । उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि समाज व राष्ट्र के हित में अपने कर्तव्य का निर्वहन करें ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ