करनैलगंज(गोंडा)। सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा का समापन गुरुवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ सम्पन्न हो गया। इस पर्व को लेकर भारी संख्या में घाट पर पुलिस बल तैनात किया गया।
सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा वैसे तो मुख्य रूप से बिहार, झारखंड सहित उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में प्रमुखता से मनाया जाता था। बीते कुछ वर्षों से इस क्षेत्र में भी छठ पूजा ने अपना विशेष स्थान बना लिया है।
पूर्वी जिलों से आये लोगों की देखा देखी स्थानीय लोगों ने भी इसमें रुचि दिखायी और मनौतियां मानीं। मनौतियों के पूर्ण होने पर लोगों ने छठ पूजा में बढ़ चढ़कर भाग लिया।
36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के साथ आस्था के चलते लोगों ने इसमें रुचि दिखायी और व्रत रखकर विधिवत पूजा अर्चना की।
बुधवार की शाम को कटरा घाट पर सरयू नदी के तट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण घाट पर एक मेले जैसा दृश्य उपस्थित हो गया था।
सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था और सीओ मुन्ना उपाध्याय तथा कोतवाल प्रदीप कुमार सिंह भी स्वयं मौके पर मौजूद थे।
गुरुवार की सुबह व्रतधारियों ने कटरा घाट पर ही उगते सूर्य को अर्घ्य देकर महापर्व का समापन किया। इस मौके पर भी भारी पुलिस बल मौजूद था।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ