मजदूर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष ने भी किसान आंदोलन को दिया समर्थन
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। बजाज चीनी मिल कुन्दरखी चौराहे पर चल रहे किसानों के धरना प्रदर्शन के छठवें दिन शुक्रवार को मजदूर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप शुक्ल ने पहुंच कर अपने समर्थन की घोषणा की।
उन्होंने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि बजाज चीनी मिल कुन्दरखी किसानों का तत्काल पिछले सत्र का बकाया 158 करोड़ का भुगतान कर दे, अन्यथा आन्दोलन तेज किया जाएगा।
किसान नेता दिलीप शुक्ला ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा किसानों की आवाज को दबाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक मुकदमा नहीं, सैकड़ों मुकदमा प्रशासन दर्ज कर दे, लेकिन यह आंदोलन रूकने वाला नहीं है।
शुक्ल ने कहा कि मुकदमा लिखकर किसानों द्वारा शांतिपूर्वक किए जा रहे आंदोलन को कुचलने का प्रशासन द्वारा प्रयास किया जा रहा है जिसकी मैं घोर निंदा करता हूं और चेतावनी देता हूं कि देश के अन्नदाताओं की आवाज दबाने से बाज आएं।
किसानों का बकाया 158 करोड़ का भुगतान प्रशासन करा दे, जिससे किसान अपने घर जा सकें। उन्होंने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश से आंगनबाड़ी, आशा, रसोइया कर्मचारी संघ का प्रान्तीय पदाधिकारी हूं।
यदि जरूरत पड़ी तो हजारों की संख्या में महिलाओं को भी किसानों के इस धरना-प्रदर्शन में शामिल किया जाएगा।
उधर, अवध केसरी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर नीरज सिंह ने कहा कि जिला, पुलिस एवं चीनी मिल प्रशासन तथा दलालों द्वारा किसानों में भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शनिवार को किसान चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। किसानों का आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में चौपाल में पहुंचें।
इस मौके पर अवध केसरी सेना के प्रदेश अध्यक्ष नील ठाकुर, मानवेन्द्र सिंह मोनू, हरिश्चंद्र यादव, आलोक सिंह बाबा, राघवेन्द्र सिंह के अलावा सैकड़ों की संख्या में किसान मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ