रजनीश/ज्ञान प्रकाश
करनैलगंज गोण्डा (ब्यूरो)। यूक्रेन में मेडिकल की शिक्षा ग्रहण करने गया करनैलगंज का सुयश गुप्ता सुरक्षित है और वह लगातार अपने परिजनों के संपर्क में रहकर अपने सुरक्षित होने की सूचनायें दे रहा है।
करनैलगंज नगर के निवासी रमेश कुमार गुप्ता का पुत्र सुयश गुप्ता चार वर्ष पूर्व मेडिकल की शिक्षा ग्रहण करने यूक्रेन गया था। उसकी शिक्षा का आठवां सेमेस्टर चल रहा है।
इसी बीच रूसी सेना ने यूक्रेन पर हमला कर दिया है। सुयश लगातार अपने परिजनों के संपर्क में है।
उसके पिता रमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सुयश यूक्रेन की राजधानी कीव से लगभग पांच- छ: किमी की दूरी पर रहता है।
उन्होंने बताया कि सुयश अपने अपार्टमेंट में सुरक्षित है। उसके साथ हिमांचल प्रदेश की खुशबू और बिहार के बेगूसराय का विकास भी है और सभी सुरक्षित हैं।
उसने बताया है कि गुरुवार की सुबह उसे एक धमाका सुनाई पड़ा था उसके बाद कोई धमाका नहीं सुनाई पड़ा है। मार्शल ला लागू है तथा उसने भारत वापसी के लिए फार्म भर दिया है और दूतावास से भी संपर्क साधे हुए है।
श्री गुप्ता ने बताया कि सुयश से फोन पर तो बात नहीं हो सकी है लेकिन व्हाट्स एप्प के माध्यम से दिन में कई बार संपर्क हो रहा है।
भले ही बेटा अपने सकुशल होने की सूचनायें दे रहा है लेकिन उसके परिजनों के प्राण सूख रहे हैं और वे उसके सकुशल रहने की मनौतियां मान रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ