संजय/अविनाश
नवाबगंज (गोण्डा) क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बेखौफ वन माफिया दिन दहाड़े बेशकीमती और प्रतिबंधित हरे पेड़ों पर आरा चला रहे हैं लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से इन वन माफियाओं के हौंसले बुलंद हैं। क्षेत्र के रेहली गांव में करीब 10 दिन पूर्व आम के पेड़ को दिन-दहाड़े वन माफिया काट कर उठा ले गये लेकिन शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह दौलतपर गांव में गुरूवार को भी वन माफिया आम का ही बड़ा पेड़ काट ले गये। गुरूवार को ही अकबरपुर गांव के मिश्रोलिया मजरे में सागौन के 04 हरे वृक्षों को भी वन माफियाओं ने काट डाला। ये वन माफिया कितने बेखौफ हैं इसका अंदाजा लगाने के लिए इतना ही काफी है कि शुक्रवार को कोल्हमपुर पुलिस चौकी के सामने ही सागौन के आधा दर्जन हरे पेड़ों को वन माफिया काट कर उठा ले गये। इन सभी घटनाओं में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब यह कहने में कोई गुरेज नहीं है कि कहीं जिम्मेदार अधिकारी ही इन वन माफियाओं के सरपरस्त बने हैं। फिलहाल वन माफिया लगातार हरे वृक्षों को अपना निशाना बना रहे हैं। इस संबंध में जब वन क्षेत्राधिकारी विनोद कुमार नायक से बात करते का प्रयास किया गया तो उनका नंबर बंद मिला। वन दरोगा अरूण तिवारी का मोबाइल भी नाॅट रीचेबल ही बताता रहा।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ