उत्तर प्रदेश में 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला, 3 वर्षों से गोंडा की बागडोर संभाल रही आईएएस नेहा शर्मा का ट्रांसफर, मिर्जापुर की डीएम प्रियंका निरंजन को गोंडा में मिली तैनाती।
उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 23 आईएएस अफसरों का तबादला कर दिया है। गोंडा जिले में 3 वर्षों से तैनात रही आईएएस महिला अधिकारी नेहा शर्मा को हटाकर जिले की डोर एक बार फिर महिला अधिकारी के हाथों में सौंपी गई है, मिर्जापुर की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन जिले की कमान संभालेंगी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश शासन ने आईएएस अधिकारियों के तबादले की लिस्ट जारी करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों में बड़ा फेरबदल किया है। अपने तेज तर्रार कार्यों के लिए मानी जाने वाली जिलाधिकारी नेहा शर्मा को गोंडा से स्थानांतरित कर दिया गया है। नवागत जिलाधिकारी के तैनाती से मनोरमा नदी के पुनर्जीवित होने के रास्ते एक बार फिर खुल गए हैं, जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने मनोरमा नदी के उत्थान के लिए कदम बढ़ाया था, वही मिर्जापुर की जिलाधिकारी बनने से पहले आईएएस अधिकारी प्रियंका निरंजन ने बस्ती जिले की जिलाधिकारी रहते हुए मनोरमा नदी के अस्तित्व को बचाने के लिए खुद फावड़ा उठाकर कदम आगे बढ़ाया था। जिलाधिकारी के रूप में प्रियंका निरंजन के कमान संभालने से मनोरमा नदी के पुनर्जीवित होने की संभावनाएं बढ़ गई है।
कौन है प्रियंका निरंजन
मूल रूप से झांसी जिले की रहने वाली 2013 बैच की आईएएस अधिकारी प्रियंका निरंजन गोंडा जिले के पड़ोसी जनपद बस्ती की कमान संभाल चुकी हैं, जहां से स्थानांतरित करते हुए इन्हें मिर्जापुर जनपद के लिए स्थानांतरित कर दिया गया था। अर्थशास्त्र से स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त प्रियंका निरंजन ने सिविल परीक्षा में 20वां स्थान प्राप्त कर आईएएस अधिकारी बनी थी।
नदियों के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका
आईएएस ऑफिसर प्रियंका निरंजन का नदियों से प्रेम कई बार देखने को मिला है, उन्होंने जालौन जिले में नून नदी के पुनरुद्धार के लिए प्रशंसनीय कदम उठाए थे। जिससे विलुप्त हो रही इस नदी को पुनः जीवन मिल गया था। मिर्जापुर में कर्णावती नदी को पुनर्जीवित करने के लिए मिर्जापुर को राष्ट्रीय जल पुरस्कार से सम्मान मिल चुका है। वही बस्ती जिलाधिकारी रहते हुए प्रियंका निरंजन का मनोरमा नदी को पुनर्जीवित करने के लिए फावड़ा उठाना उनके नदी प्रेम को दर्शाता है।
अधिकारियों के तबादले की लिस्ट
गोंडा जिलाधिकारी नेहा शर्मा को प्रभारी महानिरीक्षक निबंधन के पद पर तैनात किया गया है।
बहराईच जिलाधिकारी मोनिका रानी को विशेष सचिव, बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन एवं अपर महानिदेशक, स्कूल शिक्षा की जिम्मेदारी मिली है।
अयोध्या के मंडलायुक्त गौरव दयाल अब सविव, गृह विभाग की जिम्मेदारी निभाएंगे।
राजेश कुमार सचिव गृह एवं सतर्कता विभाग, उत्तर प्रदेश शासन से मंडलायुक्त अयोध्या बनाए गए है।
गोरखपुर के जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश को नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात किया गया है।
गाजियाबाद के जिलाधिकारी दीपक मीणा अब गोरखपुर के जिलाधिकारी की कमान संभालेंगे।
प्रयागराज के जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार मंदर गाजियाबाद जिलाधिकारी के पद पर तैनात किया गया है।
गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा जिलाधिकारी प्रयागराज बनाए गए है।
कासगंज की जिलाधिकारी मेधा रूपम गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी पद की जिम्मेदारी निभाएंगी।
अपर आयुक्त (प्रशासन), गन्ना एवं प्रबंध निदेशक, उ०प्र० चीनी निगम लिमिटेड के पद पर तैनात प्रणय सिंह को कासगंज का जिलाधिकारी बनाया गया है।
कानपुर देहात के जिलाधिकारी आलोक सिंह अब विशेष सचिव, राज्य सम्पत्ति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन एवं राज्य सम्पत्ति अधिकारी, उत्तर प्रदेश का दायित्व निभाएंगे।
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी निभा रहे कपिल सिंह को कानपुर देहात का जिलाधिकारी बनाया गया है।
ललितपुर जिले के जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी को जिलाधिकारी बहराइच जिम्मेदारी मिली है।
विशेष सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा, उत्तर प्रदेश शासन से अमनदीप ठूली को ललितपुर जिले के जिलाधिकारी पद पर तैनात किया गया है।
विशेष सचिव, राज्य सम्पत्ति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन तथा राज्य सम्पत्ति अधिकारी, उत्तर प्रदेश के पद पर आसीन पवन कुमार गंगवार को मिर्जापुर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
मिर्जापुर जिले की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन अब गोंडा जिले के जिलाधिकारी का दायित्व निभाएंगी।
संयुक्त निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण निदेशालय, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी निभा रहे जयनाथ यादव को स्थानांतरित करते हुए विशेष सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा, उत्तर प्रदेश शासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विशेष सचिव, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की जिम्मेदारी निभा रही प्रणता ऐश्वर्या को सीतापुर जिले में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात किया गया है।
सचिव, वित्त विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की जिम्मेदारी निभा रही मिनिष्ती एस को गन्ना आयुक्त, उत्तर प्रदेश बनाया गया है।
गन्ना आयुक्त, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी निभा रहे प्रमोद कुमार उपाध्याय को सचिव, समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की जिम्मेदारी मिली है।
सचिव बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन डा० सारिका मोहन अब सचिव, वित्त विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के रूप में नजर आएंगी।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी, बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण झांसी के पद पर तैनात अमृत त्रिपाठी को सचिव, उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की जिम्मेदारी मिली है।
झांसी मंडलायुक्त,विमल कुमार दूबे को वर्तमान पद के साथ मुख्य कार्यपालक अधिकारी, बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण, झांसी के पद का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ