बुलंदशहर में पत्नी की हत्या के लिए पति ने दी 3.5 लाख की सुपारी, कांट्रैक्ट किलर ने पत्नी को मारी गोली, गोली लगने से घायल महिला अस्पताल में भर्ती, पति सहित चार गिरफ्तार।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में महिला को गोली मारने के आरोप में पुलिस ने महिला के पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध चाकू, तमंचा, मोटरसाइकिल और 20000 रुपए नगद बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार को नगर कोतवाली पुलिस ने महिला को गोली मारकर हत्या करने के असफल प्रयास के मामले में जांच के उपरांत महिला के पति सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पति ने पत्नी की हत्या करने के लिए सुपारी दे दी थी। इसके बाद इसके बाद बदमाशों ने गोली मार दी थी।
अब जानिए पूरा मामला
दरअसल, 1 सितंबर को जिले के थाना चोला अंतर्गत नैवला गांव के रहने वाले हरीश शर्मा की पत्नी पूजा न्यायालय से तारीख के बाद अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान नगर कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दिया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। वही वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से भाग निकले थे। महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद खानपुर थाना क्षेत्र के नदोरा गांव के रहने वाले महिला के भाई गजेंद्र शर्मा ने अपने जीजा और जीजा के भाई उमेश शर्मा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
जांच में हैरानी भरा खुलासा
मामले में, पुलिस ने जांच करना शुरू किया तो वह भी दंग रह गई, पत्नी को गोली मार कर हत्या करने के प्रयास में पति स्वयं ही नहीं बल्कि पति सहित चार लोग शामिल थे। जिन्हें पुलिस ने बीती रात बलीपुर नहर के पास जल खेड़ा जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ में हैरानी भरा खुलासा हुआ है।
पत्नी ने पति के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा
पुलिस के पूछताछ में आरोपी पति ने बताया कि उसकी पत्नी पूजा शर्मा से उसका विवाद चल रहा है। पत्नी ने उसके खिलाफ चार-चार मुकदमे दर्ज कराए हैं। इसी से तंग होकर उसने पत्नी की हत्या करवाने के लिए भाड़े के टट्टुओं को सुपारी दिया था।
पत्नी की हत्या की कीमत 3.5 लाख
पुलिस के पूछताछ में आरोपी पति ने बताया कि पत्नी की हत्या करवाने के लिए उसने जनपद अंतर्गत देहात कोतवाली क्षेत्र के बालखेड़ा गांव के रहने वाले सन्तोष उर्फ भण्डारी पुत्र शंकरपाल और मचकौली गांव के रहने वाले रजत पुत्र बढ़नपाल उर्फ बन्टी सिंह और ब्रज पुत्र कृपाल सिंह से हत्या करने का सौदा किया था। सौदा तय होने के बाद 70 से 80 हजार रुपए एडवांस मनी के रूप में दे दी थी।
नाश्ता करवा कर मौत के मुंह में धकेला
पुलिस के पूछताछ में आरोपी पति ने बताया की 1 सितंबर को पूजा न्यायालय आई थी, नाश्ता करवाने के बहाने से उसे अपनी वैगन आर कार से लाला बाबू चौराहे पर स्थित दुकान पर ले गया। इसी दौरान हत्या की सुपारी लेने वाले आरोपी संतोष, रजत और बज्र मौके पर पहुंचे, तभी बदमाशों को पूजा की पहचान करवा दी। वहां से घर जाने के लिए पूजा टिर्री (ऑटो रिक्शा) में सवार हुई थी। जिसका पीछा करते हुए बदमाश ने काली नदी के पास ऑटो रिक्शा को रुकवा कर गोली मार दी। मौके से भाग निकले थे।
बोले एएसपी
घटना का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पति सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पति ने पत्नी की हत्या करवाने के लिए योजना बनाई थी। आरोपियों का आपराधिक इतिहास है, उनके खिलाफ विभिन्न गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ