गोंडा के इटियाथोक में अर्ध विक्षिप्त को बिजली के खंबे में बांधकर पीटने का मामला, युवक के चचेरे भाई ने दर्ज कराया मुकदमा, युवक से मारपीट करने वालों के खिलाफ एफआईआर से हड़कंप।
उत्तर प्रदेश के गोंडा में युवक को बिजली के पोल से बांधकर पिटाई करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जिससे युवक की पिटाई करने के दौरान मौके पर मौजूद रहे ग्रामीणों में सनसनी फैली हुई है। वही युवक से मारपीट करते हुए पूछताछ करने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार की देर रात इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत मधईजोत गांव के मजरे विशुनपुर संगम गांव में एक युवक घूम रहा था। जिसे ग्रामीणों ने चोर समझकर मारपीट करते हुए बिजली के खंभे में बांध दिया था। बिजली के सीमेंटेड पोल में बांधकर पिटाई करते हुए पूछताछ करने का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिससे वीडियो में दिखाई पड़ रहे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
अब जानिए पूरा मामला
दरअसल, अर्ध विक्षिप्त युवक घूमते हुए गांव में पहुंच गया था, जिसको ग्रामीणों ने चोर समझकर बिजली के पोल से बांधकर पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी भी की थी। पुलिस के गाड़ी के आगे जाम लगा दिया था। जिससे युवक को बंधन मुक्त करवाने के लिए पुलिस को ग्रामीणों से जूझना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के द्वारा बंधक बनाए गए युवक को अपने साथ लाकर पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस के पूछताछ में युवक की पहचान गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज के रहने वाले रामस्वरूप के रूप में हुई।
युवक को खोज रहे थे परिजन
दरअसल, युवक मानसिक रूप से बीमार चल रहा था, जिसका गोरखपुर के एक अस्पताल में इलाज जारी था। दो-तीन महीने पहले वह अचानक घर से लापता हो गया था। जिसकी खोज में परिजन लगे हुए थे। लेकिन, थक हार कर कहीं से खोज खबर मिलने की प्रतीक्षा में बैठ गए थे। इसी दौरान बीती रात रामस्वरूप के इटियाथोक में होने की सूचना मिलते ही उसका चचेरा भाई संजय रामस्वरूप को घर ले जाने के लिए रवाना हो गया।
दर्ज कराया मुकदमा
मामले में रामस्वरूप के चचेरे भाई संजय कुमार ने इटियाथोक पुलिस में गांव के रहने वाले डेढ़ सौ से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट करने, बचाव के लिए पहुंची पुलिस को रोक कर नारेबाजी करने सहित विभिन्न गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया। जिसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है।
बोले एएसपी
मामले में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि पुलिस के सूचना पर युवक के चचेरे भाई ने मौके पर पहुंचकर शिकायती पत्र दिया है। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
पढ़िए संबंधित खबर:गोंडा में युवक को चोर समझ कर पीटा, बिजली के खंभे में बांधकर पिटाई का वीडियो वायरल


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ