डीके पाण्डेय
गोंडा:कड़ी सुरक्षा के बीच मनकापुर तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों व कस्बा मनकापुर सहित तमाम स्थानों की दुर्गा प्रतिमाएं गाजे बाजे के साथ पंडालों से निकल कर विसर्जन स्थल पर पहुंची, जहां शांति पूर्वक पुलिस व प्रशासन की देखरेख में विसर्जन हो रहा है।
गुरुवार को कस्बा मनकापुर के स्टेशन तिराहा, बाजार, उतरौला रोड, चौक सहित विभिन्न स्थानो, गांव देहात भिटौरा, अशरफपुर, पचपुती जगतापुर, देबियापुर, बंदरहा, किसुनदासपुर, मूसेगंज, धर्मपुर, रामपुर, झिलाही, मछलीबाजार, बल्लीपुर, अमवा, घुनाही, बुधियापुर, समसापुर, ऐलनपुरगंट आदि सैकड़ों गांवों की मूर्तियों का विसर्जन धूमधाम से मनवर तट पर संपन्न हुआ। कस्बा मनकापुर व आसपास के इलाकों की दुर्गा प्रतिमाओं के साथ महिलाएं, बच्चियां तथा नव युवक डीजे के धुनों पर नाचते गाते नजर आए। कस्बा में देवी प्रतिमाओं को देखने के लिए मां भक्तों का हुजूम उमड़ा। इस मौके पर बाजार में जगह-जगह प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतिमाओं के साथ साथ पुलिस बल के जवान, महिला आरक्षी, उप निरीक्षक भी चलते दिखाई दिये। मनवर तट इटिहवा पुल पर एसडीएम अवनीश त्रिपाठी कई राजस्व कर्मियों के साथ मौजूद रहकर विसर्जन स्थल का बार बार जायजा लेते रहे। इटिहवापुल पर भारी संख्या में दुर्गा प्रतिमाएं मौजूद है, तथा बारी बारी से स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस के जवान दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन करवा रहे है। विसर्जन स्थल पर लाइटिंग की व्यवस्था की गयी है, जिससे किसी को कोई असुविधा न हो। वही बगुलहीपुल पर बल्लीपुर, अमवा आदि स्थानों की दुर्गा प्रतिमाओं का बारी बारी से विसर्जन कराया जा रहा है।
बता दे कि आज का मौसम भी खुश मिजाज है, कल रात की बारिश ने मौसम सुहावना बना दिया है। दोपहर में धूप खिली थी, शाम को दुर्गा प्रतिमाएं पूजन अर्जन के बाद विसर्जन के लिए उठाई गयी। पूरे बाजार को दुल्हन की तरह सजाया गया था। जगह जगह प्रसाद वितरण के पंडाल भी लगाये गये थे। सुबह जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने पिपरही घाट विसर्जन स्थल का जायजा लेने के बाद लगभग साढ़े ग्यारह बजे मनकापुर का भ्रमण करके जिला मुख्यालय लौट गयी।
दोपहर बाद से शाम तक उपजिलाधिकारी अवनीश कुमार त्रिपाठी राजस्व कर्मियों के साथ घाट पर घाट पर डेट रहे, तत्पश्चात सीओ उदित नारायण पालीवाल व कोतवाल निर्भय नारायण सिंह के दिशा निर्देश पर कोतवाली से विभिन्न विसर्जन स्थलों के लिए पुलिस टीम रवाना हुई। शाम होते होते पूरे कस्बे व आसपास के क्षेत्र से भारी भीड़ के साथ दुर्गा प्रतिमाएं विसर्जन घाट के लिए रवाना हुई। एक साथ दर्जनों दुर्गा प्रतिमाएं कस्बा मनकापुर से निकल कर उतरौला रोड होते हुए इटिहवा पुल पर पहुंची। समाचार लिखे जाने तक मनवर नदी में विसर्जन चल रहा है। सभी जगह शांतिपूर्वक विसर्जन हो रहा है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ