उत्तर प्रदेश के गोंडा में मोबाइल फोन पर बात करने के दौरान युवक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। हाई टेंशन लाइन के चपेट में आने से युवक की मौके पर ही झुलस कर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार के देर शाम मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के उतरौला मार्ग स्थित एक मैरिज हॉल के सामने दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय सुभाष की झुलस कर मौत हो गई। घटना की जानकारी से आसपास में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
मृतक की पहचान
मृतक सुभाष की पहचान मूलत: सीतापुर जनपद के कलारामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरौली चौराहा के रहने रमेश चंद्र के पुत्र के रूप में हुई है। मेहनत मजदूरी करने के लिए अपने भाई के साथ उतरौला रोड पर मैरिज हाल के सामने बने, बैरीपुर रामनाथ गांव के रहने वाले गोपी जायसवाल के मकान में किराए का कमरा लेकर रहता था।
मोबाइल पर बात करने के दौरान हादसा
दरअसल, गोपी के मकान के पास से होकर हाई वोल्टेज विद्युत लाइन गुजराती है। जिसकी जानकारी सुभाष को भी थी। लेकिन फोन पर बात करने के दौरान उसने विद्युत लाइन को ध्यान नहीं दिया, बात करते हुए तार से टकरा गया। जिससे झुलस कर मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों के सूचना पर पहुंची पुलिस ने विद्युत लाइन कटने के बाद शव को कब्जे में ले लिया।
बोले इंस्पेक्टर
मामले में मनकापुर कोतवाल निर्भय नारायण सिंह ने दूरभाष पर बताया कि मोबाइल फोन पर बात करने के दौरान हाई टेंशन लाइन के चपेट में आने से युवक की मौत हो गई है। मृतक के शव को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में परिजनों को अवगत करा दिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ