अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के इंडो नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल 50 वीं वाहिनी के जवानों ने शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में घायल हुए तीन बाइक सवार लोगों को समय से अस्पताल पहुंच कर उनकी जान बचाई ।
एसएसबी मुख्यालय से 28 नवंबर को मिली जानकारी के अनुसार 28 नवंबर को समय दोपहर लगभग 12ः35 बजे, 50वीं वाहिनी के सीमा चौकी त्रिलोकपुर के निकट एक सड़क दुर्घटना घटित हुई। दुर्घटना में एक प्लेटिना मोटरसाइकिल (काले रंग की) संख्या UP-47-N-5291 पर सवार तीन व्यक्ति संतोष कुमार मौर्या, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम शिसवा, राधेश्याम मौर्या, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम शिसवा तथा घनश्याम मौर्या, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम शिसवा से पचपेड़वा की ओर जा रहे थे । सीमा चौकी त्रिलोकपुर से लगभग 200 मीटर दूरी पर लक्ष्मीनगर (मेन रोड) के पास, बेल्हसा गाँव से सवारी लेकर बढ़नी की ओर जा रही एक चार पहिया वाहन महिंद्रा जैलो संख्या UP-30-N-0765 द्वारा टक्कर मार दी गई। जैलो वाहन चालक उमेश कुमार गुप्ता, निवासी ग्राम व पोस्ट– बेल्हसा, थाना गौरा, जनपद बलरामपुर का निवासी बताया जा रहा है। चालक का ड्राइविंग लाइसेंस संख्या UP4720250003650 है।
दु्र्घटना की सूचना एक ग्रामीण द्वारा सीमा चौकी त्रिलोकपुर के आर.पी. गेट पर दी गई । सूचना पर सीमा चौकी से तत्काल 12 कार्मिक घटनास्थल पर पहुँचे और दुर्घटना में सड़क से नीचे गिरे घायलों को सुरक्षित रूप से ऊपर सड़क पर लाया गया तथा तत्काल एम्बुलेंस को सूचित किया गया। मोटरसाइकिल पर सवार तीनों व्यक्तियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें तीनों के दाहिने पैर में फ्रैक्चर होना पाया गया है। कुछ ही समय बाद उत्तर प्रदेश पुलिस (मझगाँव चौकी) के कार्मिक एवं स्थानीय नागरिक भी घटनास्थल पर पहुँच गए, तथा सूचना के आधार पर एम्बुलेंस मौके पर आ गई। एसएसबी, उत्तर प्रदेश पुलिस एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से घायलों को एम्बुलेंस एवं एक निजी वाहन द्वारा पीएचसी अस्पताल, बढ़नी भेजा गया। एसएसबी की ओर से मुख्य आरक्षी (GD) आलोक कुमार सिंह को घायलों के साथ अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के उपरांत तीनों घायलों को बेहतर इलाज हेतु माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया है। वर्तमान में प्राप्त सूचना के अनुसार तीनों घायल खतरे से बाहर हैं। सशस्त्र सीमा बल द्वारा किये गए इस मानवीय कार्य को स्थानीय ग्रामीणों द्वारा काफी सराहना किया जा रहा है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ