जनपद बलरामपुर में समाजवादी मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष विशाल कुमार श्रीवास्तव ने आर्थिक रूप से कमजोर एवं छोटे दुकानदारों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
समाजवादी पार्टी मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष विशाल श्रीवास्तव द्वारा 26 फरवरी को दिए गए ज्ञापन में नगर क्षेत्र में आजीविका चलाने वाले दुकानदारों की कठिनाइयों की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए उनके हित में ठोस कदम उठाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि कई छोटे दुकानदार आर्थिक तंगी के कारण अपनी दुकानों का संचालन ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे दुकानदारों को राहत देने के लिए उनकी आय, परिस्थिति एवं जरूरत के आधार पर उचित सहायता प्रदान की जाए। साथ ही जिन दुकानदारों की दुकानों का पुनर्वास या स्थान परिवर्तन प्रस्तावित है, उनके लिए वैकल्पिक स्थान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उनकी रोजी-रोटी प्रभावित न हो। उन्होंने मांग किया है कि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले संबंधित दुकानदारों को नोटिस देकर संवाद स्थापित किया जाए और उनकी समस्याओं का मानवीय दृष्टिकोण से समाधान निकाला जाए।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि विकास कार्यों के साथ-साथ गरीब एवं मेहनतकश व्यापारियों के हितों की रक्षा भी सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी परिवार की आजीविका पर संकट न आए। आपको बताते चलें कि आदर्श नगर पालिका परिषद द्वारा नगर की पुरानी दुकानों को तोड़कर नई दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है । नई दुकानों के आवंटन में पुराने दुकानदारों को प्राथमिकता तो दी जा रही है, परंतु धरोहर राशि ज्यादा होने के कारण अधिकतर दुकानदारों के लिए जमा कर पाना संभव नहीं है ।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ