अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में सोमवार को 200 युवाओं के सशस्त्र सीमा बल में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण एवं 20 युवाओं के सामान्य इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया ।
16 मार्च को 9वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बलरामपुर द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों का मनोरंजन कुमार पाण्डेय, कमांडेंट, 09वीं वाहिनी की उपस्थिति में समापन किया गया। वाहिनी की सीमा चौकी भगवानपुर के अंतर्गत आने वाले वाइब्रेंट विलेज सोनपुर के 200 युवाओं को बल में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण प्रदान किया गया ।साथ ही सीमा चौकी राजदरवा के वाइब्रेंट विलेज राजदरवा के कुल 20 युवाओं को सामान्य इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण दिया गया, जिससे उनके लिए तकनीकी कौशल प्राप्त कर स्वरोजगार के अवसरों की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त हुआ। समापन समारोह के दौरान सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मनोरंजन कुमार पाण्डेय, कमांडेंट ने युवाओं को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर देश एवं समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में नैंसी सिंगला (उप कमांडेंट), प्रिंस कुमार (सहायक कमांडेंट), डॉ. महिमा शिवहरे (सहायक कमांडेंट पशु चिकित्सा), सुभाष प्रिय (प्रशिक्षक, आईटीआई विशुनपुर विश्राम) सहित ग्राम प्रधान एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें रोजगार के लिए सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया, जिसमें प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा करते हुए सशस्त्र सीमा बल के इस सराहनीय प्रयास के प्रति आभार व्यक्त किया ।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ