अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में सशस्त्र सीमा बल नवीं वाहिनी द्वारा सोमवार को निशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया ।
30 मार्च को 9वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल के कार्यक्षेत्र अंतर्गत सीमा चौकी कोयलाबास के ग्राम नसीम डीह में पशु चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के पशुपालकों को उनके पशुओं के स्वास्थ्य संबंधी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा पशुधन के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूक करना था। शिविर में डॉ. महिमा शिवहरे, सहायक कमांडेंट (पशु चिकित्सा), 9वीं वाहिनी द्वारा पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न पशु रोगों के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए आवश्यक औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही पशुपालकों को पशुओं की उचित देखभाल, पोषण एवं समय-समय पर टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शकीला सहित स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
शिविर के दौरान कुल 16 लाभार्थियों के 101 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इस पहल से स्थानीय पशुपालकों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्राप्त हुई, जिससे वे अत्यंत लाभान्वित हुए। ग्रामीणों ने इस सराहनीय पहल के लिए सशस्त्र सीमा बल के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि इस प्रकार के शिविर सीमावर्ती क्षेत्रों में पशुपालकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। यह कार्यक्रम जनकल्याण एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ