अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के इंडो-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल नवीं वाहिनी द्वारा 30 मार्च को मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर समवाय मुख्यालय भगवानपुर के अंतर्गत सीमावर्ती ग्राम सुगानगर, डुमरी एवं सोनपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। शिविर के दौरान स्थानीय ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच उपरांत रोगियों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया तथा आवश्यकता अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। इस शिविर में 25 पुरुष, 15 महिलाएँ एवं 02 बच्चों सहित कुल 42 ग्रामीणों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर डॉ. आर. के. थोड़े, मेडिकल कमांडेंट, नौवीं वाहिनी बलरामपुर द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित किया गया। उन्होंने बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए सर्दी-खांसी, बुखार एवं अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार लेने तथा समय पर चिकित्सकीय उपचार कराने के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।
मानव चिकित्सा शिविर के सफल आयोजन से सीमावर्ती ग्रामीणों में सशस्त्र सीमा बल के प्रति विश्वास, सहयोग एवं अपनत्व की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई। यह पहल बल एवं जनता के बीच समन्वय, सौहार्द एवं सहयोग का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ