अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में जिले के विशुनपुर विश्राम स्थित राजकीय आश्रम पद्धति बालिका इंटर कॉलेज में रविवार को एक दिवसीय विज्ञान जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
19 अप्रैल को जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें आधुनिक तकनीक से परिचित कराना था। कार्यशाला की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या पल्लवी सचान ने की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक त्रिपुरारी पूजन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि जीवन जीने और सोचने का तरीका है। उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि वे अपने आस-पास घटने वाली हर घटना के पीछे छिपे कार्य-कारण संबंध को समझें और क्यों और कैसे जैसे प्रश्न पूछने की आदत डालें। वहीं, क्लब के सह-समन्वयक आशीष कुमार वर्मा ने समाज में फैली कुरीतियों और अंधविश्वास पर प्रहार किया। उन्होंने विभिन्न प्रयोगों के माध्यम से प्रदर्शित किया कि जिसे लोग अक्सर चमत्कार या अंधविश्वास मानते हैं, उसके पीछे ठोस वैज्ञानिक तर्क होते हैं। उन्होंने कहा कि अज्ञानता को केवल विज्ञान के प्रकाश से ही मिटाया जा सकता है। तकनीकी सत्र में विज्ञान अध्यापक शिवांक पांडेय ने सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि डिजिटल युग में छात्राएं इंटरनेट और तकनीक का सही उपयोग कर अंतरराष्ट्रीय स्तर की शोध सामग्री और शिक्षा प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने भविष्य की चुनौतियों के लिए तकनीकी कौशल को अनिवार्य बताया। इस अवसर पर विद्यालय की लगभग 200 छात्राओं ने हिस्सा लिया। सत्र के दौरान छात्राओं ने वक्ताओं से कई ज्ञानवर्धक प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। प्रधानाचार्या पल्लवी सचान ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्राओं के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और वे वैज्ञानिक प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार होती हैं।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ