अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के इंडो नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल नवीं वाहिनी मुख्यालय पर शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया ।
15 मई को को सशस्त्र सीमा बल नवीं वाहिनी के कमांडेंट मनोरंजन कुमार पाण्डेय की उपस्थिति में वाहिनी मुख्यालय परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया । शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना तथा आवश्यकता पड़ने पर जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने हेतु बलकर्मियों को प्रेरित करना था । रक्तदान शिविर में वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मानव सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। शिविर के दौरान कुल 35 जवानों द्वारा स्वैच्छिक रूप से रक्तदान किया गया। रक्तदान करने वाले जवानों में सेवा भावना, अनुशासन, समर्पण एवं मानवीय संवेदनशीलता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि “रक्तदान महादान” है तथा एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साथ ही सभी बलकर्मियों को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा सभी रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय देखरेख सुनिश्चित की गई। शिविर में संयुक्त जिला चिकित्सालय से डॉ. अभिनव श्रीवास्तव, अशोक कुमार, हिमांशु तिवारी, सोनम, अभिषेक, लालू एवं अन्य पैरामेडिकल स्टॉफ उपस्थित रहे । कमांडेंट श्री पांडेय ने बताया कि सम्पूर्ण रक्तदान शिविर को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। नौवीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित कर मानव सेवा, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्रहित के प्रति अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ