अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के अंतर्राष्ट्रीय पैरा एथलीट हर्षवर्धन मणि दीक्षित को राष्ट्रीय खेल रत्न पुरस्कार 2026 एवं सर्वश्रेष्ठ उत्तर प्रदेश खिलाड़ी सम्मान से सम्मानित किया गया । हर्षवर्धन के एक उपलब्धि पर स्थानीय लोगों तथा गणमान्य नागरिकों द्वारा बधाई दी गई है ।
बलरामपुर जिले के होनहार उत्तर प्रदेश के अंतर्राष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी हर्षवर्धन मणि दीक्षित को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य समारोह में “राष्ट्रीय खेल रत्न पुरस्कार 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान स्वर्ण भारत परिवार ट्रस्ट एवं स्वर्ण भारत दिव्यांग बोर्ड द्वारा देशभर के दिव्यांग एवं पैराओलंपिक खिलाड़ियों के सम्मान हेतु आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया। समारोह में देशभर के 70 दिव्यांग एवं पैरालंपिक खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। बताते चलें कि हर्षवर्धन मणि दीक्षित का जीवन संघर्ष, साहस और आत्मविश्वास की मिसाल है। वर्ष 2009 में भारतीय सेना में चयन के बाद एक गंभीर दुर्घटना के कारण उन्हें C4-C5 सर्वाइकल स्पाइनल कॉर्ड इंजरी का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उनका जीवन पूरी तरह बदल गया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और खेलों के माध्यम से अपनी नई पहचान बनाई। इस कठिन सफर में उनके माता-पिता, परिवार और शुभचिंतकों का विशेष सहयोग रहा। हर्षवर्धन ने राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने एथलेटिक्स व्हीलचेयर मैराथन में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया। इसके अलावा पैरा एथलेटिक्स में क्लब थ्रो एवं डिस्कस थ्रो प्रतियोगिताओं में रजत पदक प्राप्त किया। पैरा बोशिया खेल में उन्होंने दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खेल जगत में उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक एशियन गेम्स के ब्रोंज मेडलिस्ट खिलाड़ी को हराकर कांस्य पदक हासिल करना भी रहा। इसके अतिरिक्त उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है। दुबई, जॉर्डन और कजाकिस्तान जैसे देशों में आयोजित प्रतियोगिताओं में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया तथा शानदार प्रदर्शन किया। हर्षवर्धन मणि दीक्षित ने पैरा एथलेटिक्स, पैरा टेबल टेनिस, FIDE पैरा चेस एवं अन्य खेलों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया है। उन्होंने ओपन नेशनल एवं इंटरनेशनल स्तर की प्रतियोगिताओं के साथ-साथ Grand Prix जैसे बड़े खेल आयोजनों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें “सर्वश्रेष्ठ पैरा खिलाड़ी पुरस्कार” से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा Physical Education Foundation of India द्वारा भी उन्हें नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सतेन्द्र कुशवाहा, एमएलसी अवनीश सिंह पटेल, Brainfra IAS के संस्थापक डॉ. अतुल शाक्य सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्वर्ण भारत परिवार ट्रस्ट के अध्यक्ष एडवोकेट पीयूष पंडित ने खिलाड़ियों के संघर्ष और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ये खिलाड़ी पूरे देश के लिए प्रेरणा हैं और उनका सम्मान देश के वीर जवानों की तरह किया जाना चाहिए। सम्मान प्राप्त करने के बाद हर्षवर्धन मणि दीक्षित ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा लेकर आया है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में भारत के लिए और अधिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन करना है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ