जनपद बलरामपुर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में “ एक पेड़ माँ के नाम” मिशन के अंतर्गत बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया । विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर रवि शंकर ने वृक्षारोपण करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया ।
5 जून को नरेंद्र मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के उद्देश्य से प्रारम्भ किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इसे जन-जन का मिशन बनाने के संकल्प के क्रम में, उनके जन्मोत्सव के अवसर पर माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर के स्थायी कार्यालय कोयलरा, बलरामपुर में “एक पेड़ माँ के नाम मिशन” के अंतर्गत बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो रविशंकर सिंह ने की । विश्वविद्यालय परिसर में महोगनी के 80 पौधे एवं मौलश्री के 3 पौधे रोपित किए गए। वृक्षारोपण कार्यक्रम में परीक्षा नियंत्रक, कुलसचिव सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कुलपति ने कहा कि “वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान भारतीय संस्कृति में प्रकृति एवं मातृत्व के प्रति सम्मान की भावना को सशक्त करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का यह दूरदर्शी विजन और मुख्यमंत्री जी का इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने का मिशन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके संरक्षण का संकल्प भी लेना चाहिए। वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब हम पौधों को वृक्ष बनने तक उनका संरक्षण एवं संवर्धन सुनिश्चित करें।” उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्वों के निर्वहन के लिए भी प्रतिबद्ध है । भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ