खुर्शीद खान
सुलतानपुर। मुख्य विकास अधिकारी रामयज्ञ मिश्र ने आज प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना लघु एवं सीमांत कृषकों के उन्नयन एवं सतत् विकास हेतु ऋण मोचन प्रमाण पत्र वितरण समारोह स्थल केन्द्रीय विद्यालय अमहट का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया तथा सभी सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
लाभान्वित कृषकों को ऋण मोचन प्रमाण-पत्र का वितरण समारोह
प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना लघु एवं सीमांत कृषकों के उन्नयन एवं सतत् विकास हेतु फसल ऋण मोचन योजना के अन्तर्गत लाभान्वित कृषकों को ऋण मोचन प्रमाण-पत्र का वितरण समारोह आयोजित किया गया है। इस सम्बन्ध में जिला स्तरीय समारोह केन्द्रीय विद्यालय अमहट सुलतानपुर में प्रस्तावित है, जहां पर जनपद के प्रभारी मंत्री/प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री जय प्रताप सिंह आगामी 09 सितम्बर को कृषकों को ऋण मोचन प्रमाण -पत्र का वितरण करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय समारोह में तहसील सदर को भी सम्मिलित किया गया है। अन्य तहसीलों में तहसील स्तरीय कैम्प की तिथियां निर्धारित की गयी हैं। कार्यक्रम के अनुसार 12 सितम्बर को तहसील कादीपुर में संत तुलसीदास महाविद्यालय कादीपुर, 13 सितम्बर को तहसील लम्भुआ में सर्वोदय इण्टर कालेज लम्भुआ, बल्दीराय में 14 सितम्बर को शंकराचार्य इण्टर कालेज बल्दीराय एवं जयसिंहपुर में 15 सितम्बर को श्रीमती रामपति रामदेव शिक्षण संस्थान इण्टर कालेज हनुमंत नगर बेलहरी में ऋण मोचन योजना का शिविर आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि तहसील स्तरीय शिविर की व्यवस्था के संयोजक सम्बन्धित उपजिलाधिकारी होंगे। जिला स्तरीय समारोह हेतु अपर जिलाधिकारी (वि.रा.), जिला कृषि अधिकारी एवं एल.डी.एम. को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
5 हजार लाभार्थियों को आमंत्रित किया गया है
प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि 09 सितम्बर को जिला स्तर पर आयोजित होने वाले समारोह में 05 हजार लाभार्थियों को आमंत्रित किया गया है। इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी महोदय ने व्यवस्था हेतु अलग-अलग कार्यक्रमों के सम्पादन हेतु 30 अधिकारियों को प्रभारी अधिकारी के रूप में तैनात किया है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन को सम्पूर्ण कार्यक्रम एवं आवागमन में शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी सौपी गयी है तथा अपर पुलिस अधीक्षक को कार्यक्रम स्थल पर पुलिस प्रबन्धन, ट्रैफिक व्यवस्था व अग्निशमन व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है। अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) को सभी व्यवस्थाओं का समन्वय कर अनुपालन कराने की जिम्मेदारी दी गयी है। इसी प्रकार कृषकों को लाने, प्रमाण पत्र वितरण कराने व वापस भेजने हेतु उपजिलाधिकारियों व खण्ड विकास अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। इसी प्रकार टेन्टेज, बैरिकेटिंग, विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की व्यवस्था के लिये अधिकारियों को दायित्व सौपा गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे समारोह को सफल बनाने हेतु अपनी कार्ययोजना तथा कर्मियों की सूची दो दिन के अन्दर उपलब्ध करायें।
निरीक्षण के समय जिला के आलाधिकारी मौजूद रहे
प्रभारी जिलाधिकारी के निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) अमरनाथ राय, उपजिलाधिकारी सदर प्रमोद पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर श्यामदेव, जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी आर.बी.सिंह, जिलापूर्ति अधिकारी संजय कुमार प्रसाद, ए.आर.टी.ओ. प्रशासन एवं प्रवर्तन, ई.ओ. नगर पालिका दुर्गेश्वर त्रिपाठी, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत बालकृष्ण प्रजापति, एल.डी.एम. शैलेन्द्र कुमार, जिला उद्यान अधिकारी मीना देवी, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.सी.दूबे, जिला कृषि अधिकारी विनय कुमार वर्मा, प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय आर.के.यादव व सम्बन्धित उपस्थित थे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ