बहराइच।3समस्त तहसीलों में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसों की श्रृंखला में माह के तृतीय मंगलवार को तहसील बहराइच में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अजय दीप सिंह, पुलिस अधीक्षक जुगुल किशोर, मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार व उप जिलाधिकारी गौरांग राठी आईएएस ने आये हुए फरियादियों की समस्याओं की गम्भीरता पूर्वक सुनवाई करते हुए समस्याओं के निराकरण के लिए मौके पर ही सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में 71 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से 06 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्री सिंह ने कहा कि अन्य तहसीलों के अपेक्षा यहां पर समस्याएं कम है और बार-बार आने वाले फरियादियों की संख्या भी कम है। इसके लिए उप जिलाधिकारी व तहसील प्रशासन बधाई के पात्र हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण स्थायी, गुणवत्तापरक व समयबद्ध ढ़ंग से किया जाय जिससे फरियादियों को अनावश्यक भाग-दौड़ न करनी पडे़। जन समस्याओं के गुणवत्तापरक निस्तारण के लिए मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ जी भी आईजीआरएस के माध्यम से स्वयं समीक्षा कर रहे हैं। इस बात को दृष्टिगत रखते हुए सभी अधिकारी जनसमस्याओं की गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित कराते हुए मा. मुख्यमंत्री जी के अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें।
पुलिस अधीक्षक जुगुल किशोर ने कहा कि जनता की समस्याओं का गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण करना हमारा कर्तव्य है। जनसमस्याओं के निराकरण में निचले स्तर पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। निचले स्तर पर समस्याओं का निराकरण हो जाने पर उच्च स्तर पर प्राप्त होने वाली समस्याओं में कमी आयेगी और फरियादियों को अनावश्यक जिला मुख्यालय व राज्य मुख्यालय तक भाग दौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर अतुल कुमार यादव, सीएमओ डा. एके पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी ओपी आर्य, पीडी अभिमन्यु सिंह, उप निदेशक कृषि डा. आरके सिंह,डीसी एनआरएलएम राजेश जायसवाल, सीवीओ डा. बलवन्त सिंह, डीसीओ राम किशन, ईओ बहराइच पवन कुमार, डीपीआरओ राजेन्द्र प्रकाश, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पाण्डेय, बीएसए डा. अमरकान्त सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार, डीपीओ सुनील कुमार श्रीवास्तव, अधि.अभि. विद्युत टीआर श्रीवास्तव, तहसीलदार न्यायिक राजेश कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसी प्रकार तहसील महसी में उप जिलाधिकारी महसी नागेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त हुए 83 प्रार्थना-पत्रों में से 01, तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) में उप जिलाधिकारी कुवंर वीरेन्द्र मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त हुए 18 प्रार्थना-पत्रों में से 02, तहसील कैसरगंज में उप जिलाधिकारी पंकज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 76 प्रार्थना-पत्रों में से 07, तहसील पयागपुर में उप जिलाधिकारी गुलाम सरवर की अध्यक्षता में आयोजित हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 67 प्रार्थना-पत्रों में से 08 तथा तहसील नानपारा में उप जिलाधिकारी एसपी शुक्ल की अध्यक्षता में आयोजित हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में 48 प्रार्थना पत्रों में से 04 का निस्तारण मौके पर किया गया।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ