लालगंज-प्रतापगढ़। नवगठित स्थानीय नगर पंचायत के पहले चुनाव की मतगणना तिथि ज्यों-ज्यों नजदीक आती जा रही है त्यों-त्यों विभिन्न राजनैतिक दलों को प्रत्याशियों समेत निर्दलीय प्रत्याशियों की धड़कने भी बढ़ती नजर आने लगी है। देखने को मिल रहा है कि लगातार भागदौड़ कर प्रत्याशी व उनके समर्थक मतगणना एजेण्ट बनने को बेताब हैं। सोमवार को तहसील मुख्यालय पर प्रत्याशियों व समर्थकों की मतगणना एजेण्ट बनने की माथापच्ची दिनभर बनी रही। वहीं तहसील प्रशासन का दावा है कि किसी भी दशा मे आपराधिक प्रवृति के व्यक्ति कोे मतगणना एजेण्ट कदापि नहीं बनाया जायेगा। नगर पंचायत चुनाव का मतगणना स्थल तहसील मुख्यालय होने के चलते जहां तहसील का कामकाज जरूर ठप नजर आ रहा है। वहीं दिनभर मतगणना एजेण्ट बनने को आतुर लोग दिनभर चहलकदमी मे मशगूल रहे। हालांकि चुनावी माहौल के चलते वादकारियों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। वहीं प्रशासन का दावा है कि चुनाव की मतगणना शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराई जायेगी। इसमें किसी भी प्रकार की हीला-हवाली बर्दाश्त नहीं है और नियमों का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जायेगा।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ