धूमधाम से मनाई गयी पं.राम अंजोर मिश्र की जयंती
लालगंज प्रतापगढ़। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के संस्थापक एवं पूर्व विधायक पं. राम अंजोर मिश्र की जयंती रविवार को भव्य समारोह के बीच मनायी गयी। रविवार को कस्बा स्थित राम अंजोर मिश्र इण्टर कालेज मे आयोजित जयंती समारोह का शुभारंभ राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी एवं शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने स्व. मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से शुरू हुये सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सरस्वती वंदना तथा स्वागत गान की प्रस्तुती दी। समारोह को संबोधित करते हुये सांसद प्रमोद तिवारी ने स्व0 मिश्र को शिक्षा जगत का मालवीय ठहराते हुये कहा कि भारत की युवा ऊर्जा मे वह ताकत है कि वह अपनी भरपूर मेधा से एक बार फिर देश को दुनिया के गुरू होने का दर्जा दिला सकती है। उन्होनें कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये शिक्षकों द्वारा भावी पीढ़ी को बहुउद्देशीय ज्ञानार्जन के साथ दुनिया के पटल पर हर रचनात्मक स्पर्धा के लिये मजबूत दिशा देनी होगी। श्री तिवारी ने कहा कि सड़क एवं बिजली के संसाधन के जरिये क्षेत्रीय स्वरोजगार की दिशा मे युवाओं को लघु उद्योग के संचालन के लिये वातावरण तैयार किया जायेगा। उन्होनें शिक्षा को अपरिहार्य ठहराते हुये आर्थिक तथा वैज्ञानिक क्षेत्र मे शोध प्रबन्धन एवं नूतन खोजों के प्रति भी शैक्षिक मजबूती पर जोर दिया। सांसद प्रमोद तिवारी ने देश मे औद्योगिक प्रगति के सूचकांक मे गिरावट को भी बदलते भारत के भविष्य के लिये चिंताजनक करार दिया। समारोह की अध्यक्षता करते हुये शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने कहा कि भारत के गुरूकुल ने सदैव प्रतिभाओं को संस्कारवान शिक्षा प्रदान करते हुये पूरी दुनिया मे ज्ञान व विज्ञान का परचम लहराया है। उन्होनें शिक्षण संस्थानों को तकनीकी ज्ञान के क्षेत्र मे भी सुदृढ़ किये जाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। समारोह का संचालन यमुना प्रसाद मिश्र ने किया। कार्यक्रम मे शैक्षिक क्षेत्र मे आदर्श योगदान के लिये डा. डीपी ओझा, डा. पूर्णिमा मिश्रा, माधुरी ओझा, विद्याकांत मिश्र, कृष्णानंद त्रिपाठी व गिरीश मिश्र तथा रविशंकर तिवारी को अंगवस्त्रम एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सारस्वत सम्मान से नवाजा गया। प्रधानाचार्य सुनील कुमार शुक्ल ने शैक्षिक प्रगति आख्या रखी। डा0 वीरेन्द्र मिश्र द्वारा स्वागत भाषण एवं डा. सौरभ मिश्र द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। साहित्यकार विशालमूर्ति मिश्र एवं विनय शुक्ल के निर्देशन मे कौव्वाली तथा लोक गीत की मनोहारी प्रस्तुतियो ने अभिवावकों को मंत्र मुग्ध कर दिया। बहुगुणा कालेज के प्राचार्य डा. राजकुमार पाण्डेय एवं प्रधानाचार्य डा. ज्ञानेन्द्र तिवारी व वैद्यनाथ तिवारी ने संयुक्त रूप से जयंती समारोह का संयोजन किया। प्रधानाचार्या डा. नीलम ओझा ने संस्थापक अध्यक्ष के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर जगदंबा प्रसाद मनीषी, डा. आरएस त्रिपाठी, दयाशंकर पाण्डेय, ज्ञान प्रकाश शुक्ल, बीपी मिश्रा, राधेश्याम चौधरी, डा. ऋचा सुकुमार, रामफेर पाण्डेय, डा. श्याम दुलारी सिंह, चंद्रमौलि शुक्ल, शिवाकांत मिश्र, बीएन सिंह, डा. श्रीधर पाण्डेय, प्रो. आरपी शुक्ल, राधेश्याम द्विवेदी, श्रीनाथ तिवारी, आरडी यादव आदि रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ