दलित अपने खेत की नही कर सका बुआई
गोंडा।करनैलगंज के एक गांव के कुछ दबंग किस्म के लोग अपने दबंगई के बल पर एक दलित का खेत नही बोने दे रहे हैं। उसे ग्राम समाज की भूमि से होकर खेत तक ट्रेक्टर नही ले जाने दे रहे हैं। मामला थाना कटरा बाजार अंर्तगत ग्राम बनगांव के मजरा भदईं पुरवा से जुड़ा है। यहां के निवासी दलित राधेश्याम ने थाना कटरा बाजार में तहरीर दिया है। जिसमें कहा गया है कि गांव के ही कुछ दबंग किस्म के लोग उसके परिवार के ऊपर नाजायज कहर ढा रहे हैं। अब तो उसे खेत भी नही बोने दिया जा रहा है। आरोप है कि वह अपने खेत की बोआई करने के लिए भाड़़े पर ट्रेक्टर लिए जा रहा था। रास्ते में किसी का खेत भी नही पड़ रहा है। फिर भी उसे ट्रेक्टर ले जाने से बल पूर्वक रोंक दिया गया। कारण पूंछने पर दबंगो ने उसे जाति सूचक गाली देते हुए जमकर पिटाई भी कर दी । पीड़ित ने बताया कि बीते 5 माह पूर्व उसकी पत्नी के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। थाने पर उसकी रिपोर्ट भी नही दर्ज की गई, न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ। उसके बाद सुलह लगाने के लिए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। मना करने पर उसके व उसके भइयों के विरुद्ध दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए न्यायालय पर वाद प्रस्तुत किया गया। जो परिवाद के रूप में अभी भी विचाराधीन है। यही नही उसके विरुद्ध पुनः थाना कटरा बाजार में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवा दिया गया। 5 माह तक उसे घर पर नही रहने दिया गया। थानाध्यक्ष कटरा बाजार ने बताया कि मामला संज्ञान में नही है। फिर भी यदि ऐसा है तो जांच करवाकर कार्रवाई की जायेगी।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ