सुनील उपाध्याय
बस्ती। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बाद भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह द्वारा पकौड़ा बेचने की सलाह दिये जाने पर युवा कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क गया। मंगलवार को युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव अंकुर वर्मा, जिलाध्यक्ष आदित्य त्रिपाठी के नेतृत्व में शास्त्री चौक पर युवा कांग्रेस नेताओं ने मुद्रा योजना को जुमला बताते हुये बजट के प्रतीक ब्रीफकेस को जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। मांग किया कि युवाओं को रोजगार, सरकारी नौकरियां दीजिये, पकौड़ा बेचने का उपदेश नहीं।
युवा कांग्रेस नेता अंकुर वर्मा ने कहा कि भाजपा ने झूठ बोलकर युवाओं को गुमराह किया। प्रति वर्ष 2 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार का लालच देकर भाजपा ने सरकार तो बना लिया किन्तु वह वायदे पर खरा नहीं उतरी। अब जबकि लोकसभा के चुनाव नजदीक आ गये हैं तो उन्हें फिर झूठे वायदे कर बरगलाने का प्रयास किया जा रहा है किन्तु अब देश का नौजवान सच जान चुका है और भाजपा के झांसे में आने वाला नही है। गुजरात और राजस्थान से भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
जिलाध्यक्ष आदित्य त्रिपाठी ने कहा कि पिछले चार वर्षो में भाजपा अपने किसी भी वायदे पर खरा नहीं उतरी। युवाओं को रोजगार, स्मार्ट सिटी बनाने, लघु उद्योगों के विकास, बुलेट टेªन देने का वायदा हवा हवाई साबित हुआ है। नौजवान समझ चुका है कि भाजपा केवल झूठे सपने दिखाकर देशवासियों को भ्रमित कर रही है। अब वह पुनः गलती करने को तैयार नही है।
विरोध प्रदर्शन करने वालों में सचिन शुक्ल, संदीप श्रीवास्तव, दुर्गेश त्रिपाठी, सुनील शुक्ल, विक्रम चौहान, विक्रान्त द्विवेदी, मो. युसुफ ‘कल्लन’ राजेश यादव, मो0 जलील, अंकुर श्रीवास्तव, अमित, शरद पाण्डेय, आलोक, राम प्रसाद चौधरी, लवकुश गुप्ता, सूरज गुप्ता, राहुल कुमार, रंजीत, सुमित, अशोक के साथ ही युवा कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ