अखिलेश्वर तिवारी
8 अप्रैल को मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा एक करोड़ हस्ताक्षर युक्त पत्र
बलरामपुर ।। अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश द्वारा वृहद स्तर पर नशा मुक्त हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है । एक फरवरी से शुरू किए गए इस हस्ताक्षर अभियान का उद्देश्य देश व प्रदेश के युवाओं को नशे की लत से बचाना तथा बढ़ रही अपराधिक घटनाओं वह सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना है । आगामी 8 अप्रैल को लखनऊ के रमाबाई रैली मैदान में आयोजित एक विशाल कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक करोड़ हस्ताक्षरयुक्त पत्र प्रदेश को नशा मुक्त घोषित करने के लिए सौंपा जाएगा ।
![]() |
नशा मुक्ति हस्ताक्षर अभियान के जिला संयोजक सत्य प्रकाश शुक्ला व युवा संयोजक संदीप जायसवाल ने प्रेस वार्ता के दौरान संयुक्त रुप से बताया कि देश के युवाओं में नशे की लत बड़े तेजी से बढ़ रही है जिसके कारण घर के घर तबाह होते जा रहे हैं । अपराध बढ़ रहा है तथा सामाजिक विसंगतियां भी घर कर रही हैं । यदि तत्काल बढ़ रहे नशे की लत को लगाम न लगाया गया तो इसके भीषण परिणाम होंगे । आदरणीय गुरु जी की कृपा से अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश ने नशा मुक्त हस्ताक्षर अभियान का बीड़ा उठाया है और इसका शुभारंभ 1 फरवरी से 23 फरवरी तक विद्यालयों महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों में नशामुक्ति कार्यशाला एवं हस्ताक्षर कार्यक्रम के तहत शुरू हो चुका है । जनपद बलरामपुर में 150 विद्यालयों का लक्ष्य निश्चित किया गया है और पूरे जिले में एक से दो लाख हस्ताक्षर कराए जाने का लक्ष्य है । उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम में 18 फरवरी को लखनऊ प्रेस क्लब में प्रांतीय पत्रकार सम्मेलन, 24 से 28 फरवरी तक बूथ स्तर पर हस्ताक्षर अभियान, 25 फरवरी को पर्यटन केंद्रों व धार्मिक स्थलों पर नशामुक्ति जन जागरण यात्रा, 4 से 7 मार्च तक गांव शहरों तथा मोहल्लों में जन जागरूकता अभियान, 8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रत्येक जिला मुख्यालयों पर समस्त महिला संगठनों के साथ रैली निकालकर डीएम को ज्ञापन दिया जाएगा, 11 से 17 मार्च तक प्रबुद्ध वर्गों का सर्व धर्म सम्मेलन आयोजित होगा, 18 से 25 मार्च तक व्यसन मुक्ति मंत्र लेखन एवं समूह साधना कार्यक्रम आयोजित होंगे, 29 मार्च को स्टिकर व पंपलेट के माध्यम से रैली निकालकर जन जन तक जागरूकता फैलाई जाएगी तथा 8 अप्रैल को लखनऊ के रमाबाई रैली स्थल पर विराट व्यसन मुक्त संकल्प समारोह आयोजित होगा और यहीं पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक करोड़ हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र सौंपा जाएगा जिसमें प्रदेश को नशा मुक्त प्रदेश घोषित करने हेतु अनुरोध किया जाएगा । कांफ्रेंस के दौरान अशोक गुप्ता व प्रदीप गोयल सहित अभियान से जुड़े कई सदस्य मौजूद रहे ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ