प्रतापगढ़। बोर्ड परीक्षाओं को सकुशल सम्पन्न कराने के अभियान के तहत मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक डा. बृजेश मिश्र ने तहसील लालगंज क्षेत्र के दर्जन भर परीक्षा केंद्रों की नकेल कसी। डीआईओएस ने परीक्षा केन्द्रों पर सचल दस्ते के साथ औचक निरीक्षण के जरिये मानकों की गहन पड़ताल की। डीआईओएस डा0 बृजेश के परीक्षा केन्द्रों पर होने की भनक लगते ही विद्यालयों मे हड़कम्प का माहौल देखा गया। जिला विद्यालय निरीक्षक सबसे पहले कस्बा स्थित पुनीत इण्टर कालेज पहुंचे। यहां उन्होनें सीसी कैमरे की हकीकत खंगाली। वहीं कस्बे मे रामस्वरूप रामअधीन गुप्ता इण्टर कालेज मे भी औचक निरीक्षण किया। इसके बाद वह सांगीपुर क्षेत्र के लखनपुर सूर स्थित चंद्रशेखर इण्टर कालेज तथा मोना देवी विद्यालय नसीरपुर स्थित इण्टर कालेज समेत कई परीक्षा केन्द्रों मे निरीक्षण के जरिये व्यवस्था को देखा। उन्होनें केन्द्र व्यवस्थापकों एवं कक्ष निरीक्षकों को परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता से सम्पन्न कराने की कड़ी चेतावनी भी दी। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापकों से दो टूक कहा कि खामियां मिली तो वैधानिक कार्रवाई के साथ जिम्मेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी बेहिचक होगी।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ