शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। लालगंज ब्लाक मे प्रमुख पद के उप चुनाव को लेकर गुरूवार को प्रशासनिक तैयारियां फिर तेज हो उठी है। डीएम के निर्देश पर ब्लाक प्रशासन द्वारा सभी साठ क्षेत्र पंचायत सदस्यों को आगामी सत्रह मार्च को मतदान के लिये दिन भर पत्र भेजे जाने का सिलसिला देखा गया। वहीं एसडीएम कोमल यादव व सीओ ओपी द्विवेदी ने मतदान एवं मतगणना को लेकर सुरक्षा प्रबन्धों के बाबत भी तैयारियों की देखरेख की। इधर चुनाव को लेकर बीडीसी सदस्यों को भी सक्रिय भूमिका मे देखा गया। प्रत्याशियों द्वारा क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने समर्थन मे लामबंद किये जाने को लेकर भी कवायद दिनरात शुरू हो गयी है। इधर आम लोगों मे भी ब्लाक के चर्चित प्रमुख उप चुनाव को लेकर चाय पान की दुकानों पर चर्चा का माहौल फिर गर्म हो गया है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा चुनाव को रोके जाने की याचिका खारिज होने को लेकर कांग्रेसी खेमे मे घोषित चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया। वहीं विपक्षी प्रत्याशियों द्वारा अब फिर बीडीसी सदस्यों के समर्थन को लेकर चक्कर लगाने की विवशता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह द्वारा समर्थक बीडीसी सदस्यो के साथ बैठक कर ब्लाक के रूके विकास कार्य को पुनः मजबूती से संचालित करने के मुददे पर खासा जोर देते देखा गया। वहीं अविश्वास प्रस्ताव मे कुर्सी गंवा बैठे भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश प्रताप सिंह द्वारा भी बीडीसी सदस्यों का विश्वास फिर हासिल करने की कवायद भी शुरू हो गयी है। एक अन्य प्रत्याशी जितेन्द्र सिंह ने भी नामांकन कर रखा है। उनकी भूमिका को लेकर भी दोनो खेमे मे रणनीति को लेकर अंदर ही अंदर मंथन जारी दिखा। इधर प्रमुख पद के चुनाव की घोषणा के बाद निर्वाचन क्षेत्र मे विविध कार्यक्रमों मे शामिल होने पहुंची क्षेत्र की प्रभावशाली कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना का लगातार प्रवास भी विपक्षी खेमे को हैरत मे डाले हुए दिख रहा है। वहीं सांसद प्रमोद तिवारी के भी अगले दो दिनी लालगंज दौरे तथा शुक्रवार को पैतृक आवास संग्रामगढ़ कैम्प किये जाने की जानकारी होने से भी विपक्षी खेमे के साथ प्रशासनिक गतिविधियां भी फूंक फंूक कर कदम रखतीं देखी जा रही है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा याचिका खारिज होने और तुरत फुरत ही राज्य निर्वाचन आयेाग द्वारा मतदान तथा मतगणना की घोषणा से प्रमुख पद के लिये अविश्वास प्रस्ताव की जंग जीत चुके एक खेमे मे कुछ ज्यादा ही उत्साह इस बार दिख रहा है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ