खुर्शीद खान
सुल्तानपुर (यूपी).सरकार की लाख कोशिशों के बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर हर्ष फायरिंग की घटनायें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बीजेपी सांसद वरुण गांधी के संसदीय क्षेत्र का है। जहां एक विवाह समारोह में हर्ष फायरिंग से एक युवक की मौत हो गयी। इस घटना से पूरे समारोह में मातम फैल गया। फिलहाल सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और हर्ष फायरिंग करने वालों की तलाश में जुट गयी है।
कूरेभार थाना क्षेत्र के समेरौना गांव का मामला
दरअसल ये मामला कूरेभार थाना क्षेत्र के समेरौना गांव का है। जहां इसी गांव में गोसांईगंज थाना क्षेत्र के शुकुल का पुरवा इसहाकपुर गांव से बीती रात एक बारात आई हुई थी। सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था कि अचानक द्वारचार के समय वहां मौजूद कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरु कर दी। जिससे बारात की ओर से आये राम अचल वर्मा को हर्ष फायरिंग करते ही गोली लग गयी। गोली लगता देख हर्ष फायरिंग करने वाले युवक मौके से फरार हो गये। वहीं आनन फानन में वहां मौजूद लोग राम अचल को जिला अस्पताल के लिये लेकर रवाना हुये, लेकिन रास्ते में ही राम अचल ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरु की आरोपी की तलाश
एएसपी सूर्यकांत त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्मट के लिये भेज दिया है। उन्होंंने बताया कि जिस असलहे से हर्ष फायरिंह हुई वह एक रिटायर्ड फौजी काली प्रसाद शर्मा का है और मनोज यादव नाम का युवक उसी असलहे से फायरिंग कर रहा था जिससे बाद यह दुर्घटना हुई। फिलहाल आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश में जुट गयी है।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ