शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। गैस सिलेण्डर के विवाद को लेकर वकील के खिलाफ व्यापारी का मुकदमा दर्ज होने को लेकर बुधवार को वकीलों ने लालगंज कोतवाली मुख्यालय पर जमकर हंगामा काटा। नाराज वकीलों ने एक तरफा एफआईआर को लेकर कोतवाली मे सुनवाई न होने पर सीओ का भी घेराव किया। सीओ के द्वारा वकील का भी मुकदमा दर्ज कराने के आश्वासन पर देर शाम माहौल शांत हो सका। कोतवाली के रोडवेज डिपो के समीप शीतलमऊ निवासी मनीष जायसवाल ने दी गई तहरीर मे कहा है कि बीती सत्रह मार्च को तहसील के अधिवक्ता राजेश्वर यादव गैस सिलेंडर भराने के नाम पर उसकी दुकान पर आये और मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि अधिवक्ता ने मारपीट के साथ व्यापारी से रंगदारी टैक्स की भी मांग की और जानलेवा धमकी देकर चले गये। इधर अधिवक्ता राजेश्वर यादव ने भी तहरीर देते हुये व्यापारी के द्वारा गैस सिलेंडर जबरिया छीन लिये जाने के साथ मारपीट व जानलेवा धमकी की तहरीर पुलिस को सौंपी। कोतवाली पुलिस ने बीती मंगलवार की रात व्यापारी की तहरीर पर अधिवक्ता राजेश्वर यादव एवं एक अज्ञात के खिलाफ मारपीट तथा रंगदारी टैक्स वसूलने की धमकी देने समेत कई धाराओं मे मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने वहीं वकील की तहरीर पर जांच के नाम पर मुकदमा नहीं लिखा। बुधवार को दोपहर वकीलों को साथी अधिवक्ता के खिलाफ केस दर्ज किये जाने की जानकारी हुई। पुलिस की एकतरफा कार्रवाई को लेकर वकीलों मे आक्रोश भड़क गया। सैकड़ो वकीलों का जत्था संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्र की अगुवाई मे पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करता कोतवाली मुख्यालय आ धमका। यहां मौजूद एसएसआई अखिलेश सचान ने कोतवाल के बाहर होने की बात कहकर एफआईआर दर्ज करने मे आनाकानी शुरू कर दी। एसएसआई का कहना था कोतवाल के आने पर मुकदमा लिख दिया जायेगा। इससे असंतुष्ट वकील नारेबाजी करते कोतवाली के बगल सीओ कार्यालय आ धमके। यहां पहले तो वकीलो की नारेबाजी से सीओ खफा हो गये। सीओ और वकीलों मे तीखी नोंकझोंक भी शुरू हो गयी। सीओ के घेराव की जानकारी मिलते ही एसएसआई भी भारी पुलिस बल के साथ सीओ कार्यालय पहुंच गये। इधर कुछ वरिष्ठ अधिवक्ताओं व सीओ से वार्ता के बाद सीओ ने अधिवक्ता की तहरीर पर भी मुकदमा लिखाये जाने का आश्वासन दिया। तब कही जाकर नाराज वकील शांत हो सके। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश शुक्ल, अनिल महेश, हरिशंकर द्विवेदी, राममोहन सिंह, संजय सिंह, टीपी यादव, शैलेन्द्र सिंह, प्रमोद सिंह, सतीश उपाध्याय, गया प्रसाद मिश्र, विनोद पाण्डेय, शैलेंद्र मिश्र, संतोष पाण्डेय, घनश्याम मिश्र, हरिकेश पटेल, कौशलकिशोर शुक्ल, सुरेंद्र रजक, मो0 ईशा, मनोज सिंह, अमरनाथ यादव, प्रमोद तिवारी, विनोद शुक्ला, राहुल मिश्रा, शेष तिवारी, विजय श्रीवास्तव, प्रभात श्रीवास्तव, सत्येंद्र श्रीवास्तव आदि रहे।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ