अमरजीत सिंह
फैजाबाद:मवई थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर जनक में मंगलवार की रात को बड़े भाई ने अपने छोटे भाई पर फायर कर दिया।गोली लगने से छोटा भाई जमीन पर गिर कर तड़पने लगा।परिजन आनन् फानन में घायल को बाराबंकी स्थित एक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ भेज दिया।घटना की सूचना मिलते ही रात में ही सी ओ रुदौली अरविन्द चौरसिया,प्रभारी निरीक्षक मिथलेश श्रीवास्तव,डायल 100 के पी आर बी 0925 के प्रभारी सुखदेव तिवारी तथा पंकज कुमार मौके पर पहुँच कर घटना स्थल का निरीक्षण किया तथा घटना के सम्बन्ध में परिजन तथा ग्रामीणों से जानकारी हासिल की।
जानकारी के अनुसार ग्राम रामपुर जनक के राम करन सिंह के दो लड़कों रत्नाकर सिंह तथा प्रभाकर सिंह के बीच मंगलवार को रात आठ बजे किसी बात को लेकर विवाद हो गया।विवाद बढ़ने पर आक्रोशित रत्नाकर सिंह ने कथित रूप से प्रभाकर सिंह पर फायर कर दिया गोली प्रभाकर सिंह के गर्दन पर लगी और वह जमीन पर गिर कर तड़पने लगा।घायल प्रभाकर को परिजन तत्काल बाराबंकी के अस्पताल लेकर भागे जहाँ डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ भेज दिया।प्रभाकर की हालत नाजुक बनी हुई है।सी ओ अरविन्द चौरसिया ने गोली चलने की बात से इन्कार करते हुये बताया कि दोनों भाइयों में लाठी डण्डों से मार पीट हुई है।सी ओ ने एक उपनिरीक्षक को साथ में भेजकर मेडिकल रिपोर्ट को देखने की बात कही है।राम करन सिंह के पिता जय सिंह के पास एक लाइसेंसी डबल बैरल की बन्दूक भी है।पुलिस ने बन्दूक को अपने कब्जे में ले लिया है।प्रभारी निरीक्षक मिथलेश श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच खेत में पिपरमेंट लगाने को लेकर विवाद हुआ था एक भाई पिपरमेंट लगाना चाहता था जबकि दूसरा भाई विरोध कर रहा था।प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बन्दूक से फायर नहीं किया गया है ।उन्होंने बताया कि बन्दूक का लाइसेंस निरस्त करने के लिये लिखा पढ़ी की जायेगी।अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दिया है घटना के सम्बन्ध में गहनता पूर्वक जांच पड़ताल की जा रही है।पुलिस भले ही गोली लगने की बात से इनकार कर रही है लेकिन गाँव के लोग अवैध तमंचे से गोली लगने की बात मान रहे हैं


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ