ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत केन्द्र सरकार द्वारा चिन्हित 09 ग्रामों में सात कार्यक्रमों की प्रगति समीक्षा तथा क्षेत्र भ्रमण
निदेशक डीएचआई की अध्यक्षता में समीक्षा
खुर्शीद खान
सुलतानपुर। निदेशक डीएचआई भारत सरकार रितु पाण्डेय की अध्यक्षता में आज विकास भवन में ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत भारत सरकार द्वारा चिन्हित जिले के 9 ग्रामों को सात योजनाओं से संतृप्त करने हेतु बनायी गयी कार्य योजना की समीक्षा की गयी। उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुऐ कहा कि ग्राम स्वराज अभियान 14 अप्रैल से 05 मई तक संचालित है, जिसके अन्तर्गत भारत सरकार द्वारा चिन्हित सभी 09 ग्रामों मुजेश, डीहभिखारी, मेघना, शाहगढ़, देवलपुर, भरथुआ, रामपुर खुर्द, पिपरी पट्टी तथा रायपुर को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, सौभाग्य योजना, उजाला योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा मिशन इन्द्रधनुष कार्यक्रम से संतृप्त करना है। बैठक में डीएचआई रितु पाण्डेय ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों जिला पूर्ति अधिकारी , अधिशाषी अभियन्ता विद्युत, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी तथा लीड बैंक अधिकारी से अब तक किये गये कार्यों की समीक्षा की। जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा बताया गया कि सभी 09 ग्रामों में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अन्तर्गत गैस कनेक्शन देने हेतु गैस एजेन्सियों को नामित किया गया है तथा पूर्ति निरीक्षकों की ड्यटी लगायी गयी है। उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल को उज्जवला दिवस के अवसर पर 5000 लोगों को गैस कनेक्शन दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि 05 मई के पूर्व सभी 09 ग्रामों को उज्जवला योजना से संतृप्त कर दिया जायेगा। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जानकारी दी गयी कि 14 अप्रैल को अभियान के प्रथम दिन सभी 09 ग्रामों में टीकाकरण का कार्य कराया गया है। छूटे हुए बच्चों को मिशन इन्द्रधनुष के अन्तर्गत 23 अप्रैल को टीकाकरण कराया जायेगा। अधिशाषी अभियन्ता विद्युत ने बताया कि 09 में से 04 ग्रामों मुजेश, देवलपुर, शाहगढ़, पिपरीपट्टी को सौभाग्य योजना एवं उजाला से संतृप्त किया जा चुका है, अवशेष पांच ग्रामों को अभियान के अन्दर संतृप्त कर दिया जायेगा। बैठक में लीड बैंक अधिकारी ने बताया कि सभी ग्रामों में कैम्प आयोजित किये जा रहे हैं तथा आगामी 10 दिनों के अन्दर सभी 09 ग्रामों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से संतृप्त कर दिया जायेगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राधेश्याम ने सभी कार्यक्रमों की प्रगति से निदेशक को अवगत कराया तथा कहा कि अभियान को सफल बनाने हेतु तीन चरणों में सभी ग्रामों में कैम्प आयोजित किये जा रहे हैं, जिसमें रोस्टर के अनुसार सम्बन्धित अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। बैठक में जिला विकास अधिकारी डॉ डीआर विश्वकर्मा, पीडी एस के द्विवेदी, डीसी एनआरएलएम बीबी सिंह, मनरेगा विनय कुमार श्रीवास्तव, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत बालकृष्ण प्रजापति , जिला पूर्ति अधिकरी संजय कुमार प्रसाद, लीड बैंक अधिकारी , जिला सूचना अधिकारी आर बी सिंह व सम्बन्धित उपस्थित थे। बैठक के पश्चात निदेशक रितु पाण्डेय ने लम्भुआ तहसील अन्तर्गत शाहगढ़ तथा देवलपुर का भ्रमण कर एवं चौपाल लगाकर ग्रामीणों से कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के समय डीडीओ डॉ डीआर विश्वकर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार प्रसाद व सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ