सुनील उपाध्याय
बस्ती । उ.प्र. होमगार्ड्स अवैतनिक अधिकारी एवं कर्मचारी एसोसिएशन की बैठक मंगलवार को अमहट घाट स्थित शिव मंदिर पर प्रदेश चुनाव समिति सदस्य उदयनरायन तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि होमगार्डों को पुलिसकर्मियों की भांति सुविधा, वेतन आदि की मांगे न मानी गई तो आगामी 1 मई से होमगार्ड कार्य बहिष्कार कर 6 मई तक जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन करेंगे। 7 मई को लखनऊ जी.पी.ओ. पार्क पर आमरण अनशन शुरू किया जायेगा।
एसोसिएशन प्रदेश अध्यक्ष मुकेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि होमगार्डों की निरन्तर उपेक्षा की जा रही है। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान सहित अनेक राज्यों में होमगार्डों को सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेश के अनुरूप पुलिस आरक्षी के न्यूनतम वेतन के बराबर वेतन दिया जा रहा है किन्तु उत्तर प्रदेश सरकार चुप्पी साधे हुये हैं। पूर्व की सपा सरकार में हुये आन्दोलन के दौरान जिन बिन्दुओं पर लिखित समझौता हुआ था उसका भी पालन अधर में हैं। चेतावनी के लहजे में कहा कि यदि होमगार्डो को उनका अधिकार न दिया गया तो वे बाध्य होकर आर-पार का संघर्ष करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अनेकों बार एसोसिएशन की ओर से ज्ञापन दिया गया किन्तु अभी तक कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष चन्द्र प्रकाश यादव, बस्ती मण्डल अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, राजमणि यादव, धर्मात्मा प्रसाद शुक्ल, विनोद कुमार तिवारी, हरिकिशोर शर्मा, राजेश मिश्र, सन्तराम मौर्या, लालमन, देवदत्त, शैलेन्द्र कुमार, राज बहादुर वर्मा, एहसान खां के साथ ही अनेक एसोसिएशन पदाधिकारी और होमगार्ड उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ