शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। लालगंज थाना समाधान दिवस मे लेखपाल के पास अभिलेख न मिलने से खफा एसडीएम ने आरोपी लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। एसडीएम कोमल यादव ने बीती इक्कीस अप्रैल को जेठवारा थाने मे थाना समाधान दिवस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जब उन्होनें लक्ष्मणपुर के लेखपाल इस्तिखार अहमद से भूमि विवाद रजिस्टर समेत भू अभिलेख तलब किये तो लेखपाल के पास न तो शिकायत रजिस्टर मिला और न ही थाना समाधान दिवस व तहसील समाधान दिवस का कार्यवाही रजिस्टर ही मिल सका। एसडीएम ने लेखपाल को बीती चौबीस अप्रैल को अपने कार्यालय मे तलब कर दोबारा भी अभिलेख निरीक्षण के लिये पेश करने को कहा तो वह अभिलेख नहीं दिखा सका। बुधवार को समीक्षा के दौरान एसडीएम ने आरोपी लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि के आदेश निर्गत किये। वहीं एसडीएम ने तहसीलदार को पत्र लिखकर सभी राजस्व निरीक्षकों व लेखपालों के अभिलेखो का सत्यापन करने के भी आदेश दिये है। एसडीएम ने मातहतो को साफ चेताया है कि आकस्मिक निरीक्षण के दौरान यदि अभिलेख नदारद मिले तो दोषी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया जायेगा। इस बीच एसडीएम ने लेखपालों और राजस्व निरीक्षको को तहसील क्षेत्र के गांवो का भ्रमण कर खराब सरकारी हैण्डपम्पो व राजकीय नलकूपों तथा सार्वजनिक नाली पर अतिक्रमण के बाबत मौके का निरीक्षण कर सप्ताह भर के भीतर कार्रवाई आख्या भी तलब की है। एसडीएम के लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि दिये जाने को लेकर तहसील मुख्यालय पर मातहतों मे हडकम्प का रहा!


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ