गोंडा। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक लल्लन सिंह के आदेश पर मनकापुर पुलिस ने बल्लीपुर हतवा में एक कपड़े की दुकान में आगजनी करने व धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
क्या है मामला
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के बल्लीपुर हतवा के रहने वाले अतुल कुमार पुत्र कौशल किशोर ने एसपी को दिए तहरीर में कहा है कि वह बल्लीपुर में मनकापुर-मसकनवा मार्ग पर रेडीमेड की दुकान चलाता है। बीते 12 अप्रैल को रात दस बजे दुकान बंद करके वह घर चला गया था। मध्य रात में गांव के ही रहने वाले विपक्षीगण प्रदीप कुमार गुप्ता व उनके भाई संदीप कुमार गुप्ता पुत्र गण भगवान दास ने उसके रेडीमेड के दुकान मे पेट्रोल डालकर आग लगा दी है। उन लोगों को भागते समय आसपास के लोगों ने देखा भी है। पीड़ित अतुल कुमार के अनुसार आग लगने की जानकारी फोन द्वारा मिलने पर वहां पहुंचा तथा ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक दुकान का सारा सामान सहित 15 लाख का कपड़ा जल कर राख हो गया। पीड़ित ने इस घटना की तहरीर मनकापुर पुलिस को दी लेकिन वहाँ से सुनवाई नही हुई।
इस बीच विपक्षी द्वारा पुलिस में शिकायत न करने की धमकी भी दी गई। अतुल कुमार ने कोतवाली पुलिस के रवैया से तंग आकर पुलिस कप्तान से इस मामले की शिकायत की।
जिस पर पुलिस कप्तान ने इस मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश जारी कर दिया।
कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ