शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस की महासचिव आराधना मिश्रा मोना ने बुधवार को लालगंज कैम्प कार्यालय पर जनसमस्याओं की सुनवाई की। विधायक मोना ने विद्युत तथा पेयजल से जुडी लोगों की समस्याओं के बाबत अफसरो से वार्ता कर त्वरित समाधान कराये जाने को कहा। विधायक मोना ने लोगों को बताया कि क्षेत्र के लालगंज रजबहा के भदारी माइनर सर्विस रोड को लेकर शासन द्वारा पौने तीन किलोमीटर सड़क को पक्की कराये जाने के लिये एक करोड उन्चास लाख रूपये की मंजूरी मिल चुकी है। इसके तहत सिंचाई विभाग द्वारा इस सर्विस रोड को शीघ्र पक्के मार्ग के रूप मे तब्दील कर दिया जायेगा। जिससे माइनर से जुडे दर्जनो ंगांव के लोगों को सडक संसाधन की बेहतर सुविधा के साथ लालगंज नगर को भदारी संगम चौराहा होते हुये राजेंद्र नगर के लिये एक और बाईपास मिल सकेगा। क्षेत्रीय विधायक द्वारा इस नये बाईपास की मंजूरी कराने के लिये कैम्प कार्यालय पर मौजूद सभासदों व व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों ने उनका आभार भी जताया। इसके बाद विधायक आराधना मिश्रा मोना ने पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि देश भर मे इस समय डीजल एवं पेट्रोल के दामों मे बेतहाशा मूल्य वृद्धि को लेकर आम जनता बेहद तकलीफ का सामना कर रही है। उन्होनंे पार्टी कार्यकर्ताओं से मंहगाई तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन को तेज किये जाने के निर्देश दिये। विधायक मोना ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ देश की अर्थव्यवस्था निरंतर बिगड़ने से लोग मंहगाई तथा आम सुविधाओं को लेकर परेशान है, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री लोगों की तकलीफों से बेखबर होकर विदेश मे पतंग उडाने का शौक फरमा रहे है। कांग्रेस विधायक मोना ने कहा कि भाजपा की मौजूदा केंद्र एवं राज्य सरकार न तो गांव के विकास को गति प्रदान कर पा रही है और न ही अपराध नियंत्रण को लेकर ही उसे कोई सफलता मिल पा रही है। महिलाओं की सुरक्षा के बाबत केंद्र व राज्य सरकार दोनो पर विफलता का आरोप मढ़ते हुए मोना ने कहा कि रोज दुष्कर्म की वारदातों से प्रदेश भर मे महिलायें डर के माहौल मे घुटन महसूस कर रही है। उन्होनें कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं से सीधे जुड़ते हुये पार्टी की नीतियों को घर घर तक पहुंचाये जाने की बात भी कही। इसके बाद विधायक मोना ने मादीपुर गांव पहुंचकर अवकाश प्राप्त शिक्षक प्रभाकर चंद्र पाण्डेय के आकस्मिक निधन पर परिजनों से मिलकर ढ़ाढस बंधाया। इस मौके पर प्रतिनिधि राममिलन तिवारी, भगवती प्रसाद तिवारी, मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल, ब्लाक प्रमुख सुरेंद्र सिंह ददन, चेयरमैन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, सुधाकर पाण्डेय, आचार्य राजेश मिश्र, छोटे लाल सरोज, संजीत तिवारी, विकास मिश्र, रमाशंकर तिवारी, अजय शुक्ल गुडडू, आलोक सिंह, अवधेश सिंह, राजू पाण्डेय, संतोष सिंह, हृदय नारायण मिश्र, बृजेश द्विवेदी, श्रीधर तिवारी, सोनू शुक्ला, त्रिभु तिवारी, मोनू पाण्डेय, सूबेदार सिंह चौहान, रवींद्र मिश्र, रोहित शुक्ल, आशीष उपाध्याय, लल्लन तिवारी, महमूद आलम आदि रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ