ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रमजान में रोजेदारों को समय से बिजली मुहैया कराने का दावा किया था, लेकिन उनके दावे को बिजली विभाग ठेंगा दिखा रहा है। लापरवाही और निरंकुशता का आलम यह है कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं रिसीव करते हैं। सबसे बदतर हालत जिले के खोरहंसा उप केंद्र की है। इस पावर हाउस से सम्बद्ध दो लाख से अधिक की आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर है। यहां कटौती की कोई सीमा नहीं है। हद तो तब हो गई जब 31 मई को एक घंटे के भीतर 31 बार बिजली कटौती की गयी। 31 /1 तारीख की पूरी रात और पूरा दिन बीत गया लेकिन उपभोक्ताओं को एक घंटे के लिए भी बिजली नहीं मिली।
जिले के काजीदेवर, सैदवापुर, चैनवापुर, छाछपारा कानूनगो, छाछपारा मतवल्ली, कस्टुवा, खखरइया, बोहिया, मांदे, अकमा समेत दो दर्जन से अधिक गांवों को विद्युत वितरण खंड गोण्डा के मनकापुर फीडर से बिजली आपूर्ति की जाती थी। पिछले माह इनमें से अधिकांश गांवों को विद्युत उप केंद्र खोरहंसा से सम्बद्ध कर दिया गया। तब से उपभोक्ताओं के सामने बिजली की विकराल समस्या उत्पन्न हो गयी है। इस पावर हाउस से बिजली आने-जाने का कोई समय ही निश्चित नहीं रह गया है। पिछले तीन दिन के बीच में मुश्किल से तीन-चार घंटे ही बिजली मिली है। इस उपकेन्द्र के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह बेलगाम तथा निरंकुश हो गये हैं। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रमजान के मद्देनजर नियमित और समय से बिजली आपूर्ति का फरमान जारी कर रखा है तथा 18 घंटे बिजली मुहैया कराने का दावा कर रहे हैं, वहीं विभाग के अधिकारी उनके आदेश और दावे की हवा निकाल रहे हैं। खोरहंसा उप केन्द्र से सम्बद्ध गांवों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा पूरी तरह बेमानी साबित हो रहा है। बताते हैं कि 31 मई को विद्युत आपूर्ति के दौरान एक घंटे के भीतर 31 बार कटौती की गई। अकारण बार बार की गई कटौती के चलते लाइन में फाल्ट आ गयी जिससे पूरी रात और पूरा दिन उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिली। पहली जून का भी पूरा दिन गुजर गया लेकिन लाइट नहीं आयी। वहीं इस उप केंद्र से सम्बद्ध खोरहँसा, सरायजरगर, पूरे तिवारी, चिस्तीपुर, विशनागा, दार्जीकुआं, खिराभा आदि आदि गांवों में भी बिजली को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। बताया जाता है कि रोजा अफ्तार तथा सुबह सहरी के समय लाइट हरहाल में काट दी जाती है। यह व्यवस्था सिर्फ खोरहंसा पावर हाउस पर ही है।
इस सम्बंध में काजीदेवर के ग्रामीणों द्वारा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह से शिकायत दर्ज कराई गयी। उन्होंने तत्काल अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम से मोबाइल फोन पर वार्ता की और रमजान के मद्देनजर बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य न करने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ