शिवेश शुक्ला
विदेश मे पति की मौत का फायदा उठाकर हड़प ली बेवा की जमीन
प्रतापगढ़। विदेश मे हुई मौत का फायदा उठाते हुये आरोपियों ने कानूनगो तथा लेखपाल की मदद से बेवा की संपत्ति को कूटरचना के जरिये हड़प लिया। जांच मे खुलासा होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों समेत कानूनगो तथा लेखपाल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। महेशगंज थाना के गुजवर गांव का लाल मोहम्मद इण्डियन स्टीम सर्विस के तहत वियतनाम मे नौकरी करता था। बीती पचीस जून को उसकी सड़क दुर्घटना मे वहां मौत हो गई। इस बीच लाल मोहम्मद की बेवा फरीदा बेगम अपने बच्चों की परवरिश के लिये लखनऊ कैन्ट के अशरफाबाद मे रहने लगी। गांव आने पर उसे सूचना मिली कि उसके पति के नाम की जायदाद देवर नियाज की पत्नी अफसरजहां ने तत्कालीन लेखपाल शिवनारायण तथा कानूनगो राधेश्याम शुक्ला की मिलीभगत से खुद को लालमोहम्मद की बेवा बताते हुये अपने बेटे सलमान के नाम वारिश के कागजात तैयार कराकर हड़प लिया है। पीडिता ने इस बाबत की शिकायत पहले राजस्व विभाग के अफसरो से की तो वह भी जांच के नाम पर उसे आश्वासन देते रहे। इसके बाद पीडिता ने महेशगंज थाने मे तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई तो आरोपियों तथा सरकारी मुलाजिमो के दबाव मे पुलिस ने जांच के नाम पर मुकदमा दर्ज करने मे लगातार हीलाहवाली जारी रखी। थक हारकर पीडिता ने न्यायालय की शरण ली तो कोर्ट के आदेश पर आरोपियो के खिलाफ कूटरचना तथा धोखाधडी का मुकदमा महेशगंज थाने मे दर्ज किया गया। महेशगंज पुलिस द्वारा विवेचना शुरू करने पर आपराधिक घटना स्थल लालगंज क्षेत्र पाये जाने पर एसपी को आख्या दी। एसपी के निर्देश पर धोखाधडी का केस लालगंज कोतवाली स्थानान्तरित किया गया और गुरूवार को स्थानीय कोतवाली मे मुकदमे को तरमीम करते हुये विवेचना शुरू की गई है। इस बाबत लालगंज कोतवाल गया प्रसाद शुक्ल का कहना है मुकदमे की विवेचना स्थानीय पुलिस द्वारा शुरू की गई है। जांच के तहत दोषियो के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जायेगी।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ