सुल्तानपुर. जिले की गोमती मित्र मंडल ने एक अनूठी पहल की है जिसमें आदि गंगा मां गोमती के स्वच्छता संकल्प मिशन के तहत 9 जून को प्रातः 7 बजे से आदि गंगा मां गोमती के पावन तट लखनऊ में गोमती मित्र मंडल के नेतृत्व में एक वृहद श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
यह जानकारी देते हुए मंडल के मीडिया प्रभारी रमेश माहेश्वरी ने बताया कि सुल्तानपुर जिले में प्रत्येक रविवार को गोमती तट पर सफाई अभियान चलाया जाता है। लखनऊ में सफाई अभियान का उद्देश्य लखनऊ और सुल्तानपुर के बीच आदि गंगा मां गोमती के तट पर बसे कस्बों ,गाँवों और जनपदों के लोगों को नदियों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण के संबंध में जागरूक करना है। यह पहल अपने आप में इसलिए भी ऐतिहासिक है कि लखनऊ प्रदेश की राजधानी होने के साथ-साथ मां गोमती का सर्वाधिक प्रदूषण स्तर भी वहीं पर है , यह एक संकेत मात्र नहीं बल्कि लोगों को आदि गंगा मां गोमती से आत्मिक और भावनात्मक तौर पर जोड़ने की एक पहल भी है।
उन्होंने बताया कि पर्यावरण के प्रति गोमती मित्र मंडल की जागरूकता ही है कि जिलाधिकारी सुल्तानपुर ने पर्यावरण को लेकर बनाई गई जिला कार्यक्रम एवं अनुश्रवण समिति में गोमती मित्र मंडल को भी सदस्य के तौर पर नामित किया है ।गोमती मित्र मंडल ने सुल्तानपुर के बुद्धजीवियों का आह्वान किया है कि गोमती मित्र मंडल के इस अभियान को अधिकाधिक संबल प्रदान करें, जिससे पूरे उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर जनपद का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित हो, और नमामि गोमती योजना में सुल्तानपुर जनपद की विशेष सहभागिता हो। नगरवासी अधिकाधिक संख्या में लखनऊ पहुंचें।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ