मनीष ओझा
प्रतापगढ़ ! सिनेमा घर की खिड़की पर लाइन से आने को कहने पर युवकों ने फायरिंग कर दी। इससे सिनेमाघर और लाइन में खड़े लोगों में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी लेकिन उसमें तस्वीर साफ नहीं आई। शहर के स्टेशन मोड़ स्थित डीडी फ्लैक्स में शुक्रवार से रेस-3 फिल्म चल रही है। रविवार दोपहर साढे़ 12 बजे से चलने वाला शो देखने के लिए साढे़ 10 बजे ही दो लाइन लग गई थी। टिकट काउंटर पर सिनेमाघर का कर्मचारी गुड्डू दुबे टिकट दे रहा था। तभी एक बाइक से पहुंचे तीन युवक टिकट लेने लगे। गुड्डू ने उन्हें लाइन से आने को कहा तो वे काउंटर पर तोड़फोड़ के साथ फायरिंग करने लगे। काउंटर व गेट पर लगा शीशा गोली लगते ही टूट गया। गोली चलते ही लाइन में खडे़ लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी अंजनी राय व शहर कोतवाल अभय सिंह ने घटना की जानकारी दी। सिनेमाघर और सामने स्थित होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस ने चेक की लेकिन उसमें हमलावरों की तस्वीर नहीं आई थी। सीओ ने बताया कि आरोपितों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ