सुनील उपाध्याय
बस्ती को जलमार्ग से जोड़ने के लिए पहल शुरू हो गई है। सोमवार को कलवारी में बस्ती-टांडा पुल के पास सरयू नदी किनारे छोटी जहाज के लिए टर्मिनल बनाने का काम शुरू हो गया। टेस्टिंग के लिए एक छोटा सा प्लेटफार्म बनाया गया है।
स्थानीय विधायक रवि सोनकर और अजय सिंह के साथ मुआयना करने पहुंचे सांसद हरीश द्विवेदी ने दावा किया कि इस साल के अंत तक बस्ती में सरयू नदी के जरिए मालवाहक जहाज का आवागमन शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी 2015 को कलवारी के कुसौरा बाजार में आयोजित जनसभा में केंद्रीय परिवहन एवं जलपोत मंत्री नितीन गडकरी ने बस्ती में जलमार्ग बनाने की घोषणा की थी।
मौके से केंद्रीय अंतर्देशीय जलमार्ग टीम के निदेशक एके मिश्रा से मोबाइल पर वार्ता के पश्चात सांसद ने बताया कि इस साल के अंत तक यहां से माल वाहक जहाजों का आना-जाना शुरू हो जाएगा। देश में मौजूद महज तीन फीसदी जल मार्गों में बस्ती का भी नाम जुड़ जाएगा।
बढ़ जाएगा व्यापार, सैकड़ों को मिलेगा रोजगार
बस्ती में सरयू नदी में जलमार्ग बन जाने से मालवाहक जहाज छपरा-पटना होते हुए कोलकाता तक जाएंगे। इससे न सिर्फ बस्ती में व्यापार को बढ़ावा मिलेगा अपितु खेती-किसानी को भी मजबूती मिलेगी। यहां पैदा होने वाली सब्जी, चीनी व अन्य सामानों का निर्यात होगा तो बाहर से भी माल यहां आएगा। ऐसे में निश्चित तौर पर कारोबार का दायरा बढ़ेगा। साथ ही सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलेगा। कलवारी इलाके का अभूतपूर्व विकास होगा।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ